:- रवि शंकर अमित!
जिला परिषद कार्यालय, बेगूसराय द्वारा वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए महत्वपूर्ण सैरातों की बंदोबस्ती की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। साहेबपुर कमाल प्रखंड अंतर्गत मल्हीपुर घाट मेला-सह-टैक्सी स्टैंड तथा कुरहा हाट की बंदोबस्ती खुली डाक (नीलामी) के माध्यम से की जाएगी। आवेदन प्रपत्र 12 फरवरी 2026 से 21 फरवरी 2026 तक कार्यालय अवधि में उपलब्ध रहेंगे, जबकि भरे हुए आवेदन पत्र 23 फरवरी 2026 से 25 फरवरी 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे। खुली डाक की तिथियाँ क्रमशः 27 फरवरी 2026, 07 मार्च 2026 तथा 11 मार्च 2026 निर्धारित की गई हैं और यह प्रक्रिया दोपहर 12:30 बजे डीआरडीए (DRDA) सभागार, बेगूसराय में संपन्न होगी।
उप विकास आयुक्त बेगूसराय सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि उक्त सैरातों में मल्हीपुर घाट मेला-सह-टैक्सी स्टैंड की सुरक्षित राशि ₹20,75,750/- तथा जमानत राशि ₹5,19,000/- निर्धारित की गई है, जबकि कुरहा हाट की सुरक्षित राशि ₹13,51,250/- एवं जमानत राशि ₹3,38,000/- तय की गई है। आवेदन पत्र का शुल्क ₹500/- नकद होगा, जो अप्रतिदेय है। आवेदन के साथ बैंक ड्राफ्ट, चरित्र प्रमाण-पत्र, आवासीय प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा दो रंगीन पासपोर्ट आकार के स्व-अभिप्रमाणित फोटो संलग्न करना अनिवार्य होगा। जमानत राशि का बैंक ड्राफ्ट “DDC-cum-CEO, Zila Parishad, Begusarai” के पक्ष में देय होगा तथा खुली डाक की प्रक्रिया समाप्ति के तुरंत बाद सफल बोलीदाता को बंदोबस्ती की संपूर्ण राशि जमा करनी होगी।
अधिक जानकारी एवं विस्तृत नियमों के लिए इच्छुक व्यक्ति जिला परिषद कार्यालय, बेगूसराय से संपर्क कर सकते हैं अथवा जिले की आधिकारिक वेबसाइट begusarai.nic.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।




