बेगूसराय- जिलाधिकारी ने बछवाड़ा प्रखंड, अंचल कार्यालय का किया निरिक्षण व जन सुनवाई!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

आज दिनांक 03.02.2026 को जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री द्वारा प्रशासन गाँव की ओर कार्यक्रम के अंतर्गत बछवाड़ा प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का निरीक्षण एवं जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की गई।
सर्वप्रथम जिला पदाधिकारी द्वारा जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों के साथ प्रगति प्रतिवेदन की समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत सर्वे सूची के सत्यापन को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। साथ ही शौचालय विहीन परिवारों का सर्वे कर ओडीईपी (ODEP) तैयार कर शौचालय निर्माण सुनिश्चित कराने तथा सामुदायिक शौचालयों के निर्माण हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए।
सामुदायिक सोख्ता की प्रगति शून्य पाए जाने पर जिला पदाधिकारी द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुए बीडीओ को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर अविलंब कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया गया। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को आरटीपीएस से प्राप्त आवेदनों की शीघ्र जांच कर निष्पादन सुनिश्चित करने तथा जहां-जहां जन वितरण प्रणाली के डीलरों के पद रिक्त हैं, वहां अनुमंडल पदाधिकारी एवं आपूर्ति पदाधिकारी को अग्रेतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने कार्यक्रम पदाधिकारी, मनरेगा को पिछले एक वर्ष में सक्रिय मजदूरों की सूची तैयार कर श्रम पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सभी मजदूरों का लेबर कार्ड बनवाने हेतु नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इसके पश्चात जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने पंचायतों की समस्याएं जिला पदाधिकारी के समक्ष रखी गईं। चमथा पंचायत के मुखिया द्वारा एपीएचसी चमथा भवन की जर्जर स्थिति एवं प्रसव सुविधाओं का मामला उठाया गया, जिस पर जिला पदाधिकारी द्वारा भवन की मरम्मति हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सिविल सर्जन, बेगूसराय को संबंधित एपीएचसी का निरीक्षण कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान नल-जल योजना, सोलर लाइट सहित अन्य विकासात्मक विषयों को भी जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाया गया, जिस पर जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसके बाद जिला पदाधिकारी द्वारा आम जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। इस क्रम में एक वृद्ध महिला द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना अंतर्गत बकाया राशि भुगतान से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा प्रखंड विकास पदाधिकारी को लंबित पेंशन राशि की गणना कर सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि भुगतान हेतु अग्रेतर कार्रवाई की जा सके।
मौके पर जिला पदाधिकारी द्वारा सात निश्चय-3 से संबंधित सभी बिंदुओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों को विस्तारपूर्वक दी गई। उन्होंने सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living) कार्यक्रम के तहत प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को जनता दरबार आयोजित करने का निर्देश देते हुए आम नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान हेतु जनता दरबार में उपस्थित होकर संबंधित पदाधिकारियों को अवगत कराएं, ताकि त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, तेघड़ा; भूमि सुधार उप समाहर्ता, तेघड़ा; जिला पंचायत राज पदाधिकारी, बेगूसराय; प्रखंड विकास पदाधिकारी, बछवाड़ा सहित अन्य पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Join us on: