कृषि मंत्री के मधुबनी दौरे के दौरान जिले में खाद आपूर्ति को लेकर बड़ा मामला आया सामने!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

मधुबनी मधवापुर जिला परिषद सदस्य लक्ष्मी कुमारी मधुबनी अतिथि गृह पहुंचीं और किसानों को सरकारी दर पर खाद नहीं मिलने से संबंधित एक विस्तृत ज्ञापन मंत्री को सौंपा। ज्ञापन मिलते ही कृषि मंत्री ने मौके पर उपस्थित जिला कृषि पदाधिकारी को कड़ी फटकार लगाई और शो-कॉज कार्रवाई करने की बात कही।

जिला परिषद सदस्य लक्ष्मी कुमारी ने बताया कि मधवापुर प्रखंड सहित जिले के कई हिस्सों में किसानों को MRP पर खाद नहीं दी जा रही है। होलसेलर और रिटेलर द्वारा उर्वरक के साथ अन्य उत्पादों की जबरन टैगिंग कर अधिक कीमत वसूली जा रही है, जिससे किसान बुरी तरह परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय आदेश के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई नियंत्रण नहीं है।

ज्ञापन सौंपने के बाद जिला परिषद सदस्य लक्ष्मी कुमारी ने कहा कि
“किसानों को समय पर और सरकारी दर पर खाद मिलना उनका अधिकार है। यदि अधिकारी और खाद विक्रेता मनमानी करेंगे तो जनप्रतिनिधि होने के नाते हम चुप नहीं बैठेंगे। किसानों के हित के लिए हमारी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

कृषि मंत्री द्वारा जिला कृषि पदाधिकारी को फटकार लगाए जाने और कार्रवाई की बात कहे जाने पर जिला परिषद सदस्य लक्ष्मी कुमारी ने संतोष और प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज किसानों की आवाज को मंत्री ने गंभीरता से सुना, यह हम सभी के लिए सकारात्मक संकेत है। हमें उम्मीद है कि अब जिले में खाद की कालाबाजारी पर रोक लगेगी और किसानों को राहत मिलेगी।

गौरतलब है कि जिला परिषद सदस्य लक्ष्मी कुमारी और उनके प्रतिनिधि बादल गुप्ता लगातार किसानों को सरकारी दर पर खाद दिलाने को लेकर मोर्चा खोले हुए हैं। इस मुद्दे को लेकर वे जिला पदाधिकारी से लेकर पटना में मंत्री स्तर तक अपनी बात रख चुके हैं। इसी दबाव का परिणाम रहा कि कुछ दिन पूर्व कृषि मंत्री ने मधुबनी जिला सहित पूरे बिहार में होलसेलर और रिटेलर को सरकारी दर पर खाद उपलब्ध कराने को लेकर सख्त चेतावनी भरा पत्र जारी किया था।

मंत्री ने स्पष्ट कहा कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और दोषी पदाधिकारी व विक्रेताओं पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Join us on: