:- रवि शंकर अमित!
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल का प्रेस वक्तव्य।
राजद तथा कुछ विपक्षी पार्टियां राजनितिक स्वार्थवश मनसे के साथ मिलकर मुंबई बिहार भवन को रोकने की साजिश कर रहे,
महाराष्ट्र सरकार के सहयोग से भवन निर्माण का कार्य पुरा होगा।
पटना, 22 जनवरी 2026
मुंबई स्थित बिहार भवन के निर्माण का निर्णय बिहार सरकार की दूरदर्शी सोच और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। यह भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि मुंबई में इलाज के लिए आने वाले बिहार के रोगियों, उनके परिजनों तथा वहाँ वर्षों से परिश्रम और मेहनत से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाले बिहारवासियों के लिए एक भरोसेमंद सहारा बनेगा।
इस जनकल्याणकारी निर्णय को कुछ सिरफिरे और अवसरवादी लोगों के गैर-जिम्मेदाराना बयानों से रोका नहीं जा सकता। महाराष्ट्र सरकार का इस परियोजना को लेकर पूर्ण सहयोग है और दोनों राज्यों के बीच आपसी समन्वय, संवैधानिक मर्यादाओं और संघीय भावना के अनुरूप आगे बढ़ रहा है। मुंबई की प्रगति में बिहारियों के खून-पसीने की मेहनत शामिल है—निर्माण, उद्योग, सेवा और श्रम के हर क्षेत्र में बिहारवासियों का योगदान अमिट है।
दुर्भाग्यपूर्ण है कि राजद और कुछ विपक्षी दल, राजनीतिक स्वार्थवश, मनसे जैसे तत्वों के साथ मिलकर इस परियोजना को बाधित करने की साजिश रच रहे हैं। यह प्रयास न केवल बिहारियों के हितों के विरुद्ध है, बल्कि सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता पर भी चोट है। ऐसी राजनीति को जनता भली-भांति पहचानती है और समय आने पर करारा जवाब देती है।
बिहार भवन का निर्माण किसी के खिलाफ नहीं, बल्कि जनसेवा के लिए है—यह स्वास्थ्य, आवास और प्रशासनिक सुविधा का एक समग्र केंद्र बनेगा, जिससे मरीजों को भटकना नहीं पड़ेगा और परिजनों को सम्मानजनक सहूलियत मिलेगी। यह परियोजना बिहारियों के आत्मसम्मान, अधिकार और सुविधा का प्रतीक है।
हम साफ शब्दों में कहना चाहते हैं कि विकास और जनहित के कार्य साजिशों से नहीं रुकते। बिहार भवन बनेगा, समय पर बनेगा और जनसेवा का मजबूत आधार बनेगा। जो लोग बाधा डालने का सपना देख रहे हैं, उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि जनता का हित सर्वोपरि है—और वही अंततः विजयी होगा।
_ प्रेम रंजन पटेल
प्रदेश प्रवक्ता भाजपा




