रिपोर्ट- अमित कुमार!
पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म मामले को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है। इसी कड़ी में आज राष्ट्रीय जनता दल की ओर से आक्रोश मार्च निकाला गया।
इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में राजद महिला प्रकोष्ठ की नेत्रियाँ शामिल हुईं। महिलाओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बिहार में बेटियां कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। जब राज्य की राजधानी पटना ही सुरक्षित नहीं है, तो फिर बाकी जिलों में सुरक्षा की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
राजद महिला प्रकोष्ठ की नेताओं ने आरोप लगाया कि आज शाम 5 बजे के बाद महिलाएं घर से बाहर निकलने में खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। आक्रोश मार्च के दौरान महिलाओं ने हाथों में चूड़ियां लेकर विरोध जताया और कहा कि यह चूड़ियां अब नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी को पहननी चाहिए, क्योंकि उनसे बिहार की कानून-व्यवस्था संभल नहीं रही है।
राजद की महिला नेताओं ने सड़कों पर उतरकर जमकर प्रदर्शन किया और सरकार से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।




