:- रवि शंकर अमित!
चोरी-छिपे कार्यालय खाली करने पर भड़का आक्रोश
उपमुख्यमंत्री का पत्र बना निर्णायक
लखीसराय | 15 जनवरी 2026
लखीसराय के पुरानी बाजार स्थित उप-डाकघर को स्थानांतरित करने की विभागीय कोशिशों पर गुरुवार को पूर्णतः विराम लग गया। बिहार के उपमुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक श्री विजय कुमार सिन्हा के कड़े रुख और स्थानीय जनता के एकजुट विरोध के कारण डाक विभाग को अपना कदम पीछे खींचना पड़ा है।
आज सुबह ड्यूटी आवर शुरू होने से पहले ही डाकघर के कर्मचारी गुपचुप तरीके से कार्यालय खाली करने और सामान समेटने पहुंचे थे। इसकी भनक लगते ही स्थानीय नागरिक और व्यापारी उग्र हो गए और मौके पर ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने उग्र लोगों को शांत कराया और तत्काल इसकी सूचना उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा एवं जिलाधिकारी को दी। इसके पश्चात, जिलाध्यक्ष की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मिलकर त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया।
विगत दिनों जब इस डाकघर को बंद करने का आदेश आया था, तभी व्यापारियों ने उपमुख्यमंत्री को आवेदन दिया था। जनभावनाओं को देखते हुए श्री विजय कुमार सिन्हा ने 14 जनवरी को ही चीफ पोस्ट मास्टर जनरल (CPMG) को पत्राचार कर इसे यथावत रखने का निर्देश दिया था। उपमुख्यमंत्री के व्यक्तिगत हस्तक्षेप और निरंतर दबाव के बाद विभाग ने आधिकारिक तौर पर शिफ्टिंग रोकने का आश्वासन दिया है।
अब यह डाकघर पुरानी बाजार में ही विधिवत संचालित होता रहेगा। इस निर्णय से क्षेत्र के बुजुर्गों, पेंशनभोगियों और व्यापारियों में हर्ष का माहौल है। जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने कहा कि यह सफलता विजय बाबू के दृढ़ संकल्प और संगठन की सक्रियता का परिणाम है। भारतीय जनता पार्टी लखीसराय इकाई इस जनहितैषी निर्णय के लिए माननीय उपमुख्यमंत्री का आभार प्रकट करती है।
सादर आभार,
अजय कुशवाहा
जिला मीडिया प्रभारी,
भारतीय जनता पार्टी, लखीसराय।




