:- रवि शंकर अमित!
नववर्ष के प्रथम दिवस कला के प्रति दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बेगूसराय के कंकौल स्थित सभागार में 29 से 31 दिसंबर 2025 तक आयोजित समकालीन कला पर आधारित समूह कला प्रदर्शनी को दर्शकों के विशेष अनुरोध पर 1 जनवरी 2026 को भी जारी रखा गया, जहाँ बड़ी संख्या में कला प्रेमियों की उपस्थिति रही।
नववर्ष के अवसर पर साहित्य, रंगमंच एवं कला से जुड़े प्रबुद्धजनों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कलाकारों की कृतियों की सराहना की। प्रसिद्ध साहित्यकार प्रदीप बिहारी ने साहित्य और चित्रकला के काव्यात्मक संबंधों को रेखांकित करते हुए प्रदर्शनी की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
वहीं रंगकर्मी दीपक सिन्हा ने बेगूसराय में कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन जिले को सांस्कृतिक रूप से और समृद्ध करेंगे। रंगकर्मी चंदन वत्स ने इस प्रदर्शनी को बेगूसराय के कला जगत के लिए “स्वर्णिम समय” बताया।
केंद्रीय विद्यालय की सेवानिवृत्त शिक्षिका अनुपमा कुमारी ने कहा कि विभिन्न माध्यमों में बनी कलाकृतियों को एक साथ देखना एक अद्भुत और स्मरणीय अनुभव है।
चार दिनों तक चली इस कला प्रदर्शनी ने बेगूसराय के कला जगत में एक नए अध्याय की शुरुआत की है। न केवल बेगूसराय, बल्कि बिहार के कला परिदृश्य पर भी इस आयोजन ने अपनी अमिट छाप छोड़ी। बिहार के विभिन्न क्षेत्रों से आए कलाकारों ने अपनी तूलिका और रंगों के माध्यम से जीवन के विविध आयामों को कैनवास पर जीवंत किया। शहर के गणमान्य व्यक्तियों और कला प्रेमियों ने बड़ी संख्या में शिरकत कर कलाकारों की रचनात्मक सोच और बारीकियों की सराहना की। दर्शकों का मानना था कि इस प्रकार की प्रदर्शनियाँ स्थानीय कला को बढ़ावा देने के साथ-साथ समाज को नई दृष्टि प्रदान करती हैं।
प्रदर्शनी की सफलता के पीछे एक सशक्त सामूहिक प्रयास रहा। कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री श्याम कुमार सहनी का मार्गदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा। जिला प्रशासन और बिहार कला मंच, पटना के आपसी समन्वय ने आयोजन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया।
इसके अतिरिक्त कला जगत के समर्पित साथियों—इंद्रमोहन प्रसाद, मनीष कौशिक, प्रवीण कुमार, राजीव कुमार शर्मा, बीरेंद्र नागर एवं मनोज साह—की सक्रिय भूमिका ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
समापन समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बेगूसराय जैसे शहर में इस प्रकार के कला आयोजनों से युवाओं को प्रेरणा मिलती है। समारोह के अंत में सभी प्रतिभागी कलाकारों को सम्मानित किया गया तथा भविष्य में भी ऐसे कला आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया गया।




