सुपौल- भीषण शीतलहर में मानवीय पहल, आगे आये निजी स्कुल!

SHARE:

रिपोर्ट- संतोष चौहान!

डीपीएस सुपौल द्वारा भीषण शीतलहर में मानवीय पहल, जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण

सुपौल:- भीषण शीतलहर की मार झेल रहे क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों के लिए दिल्ली पब्लिक स्कूल, सुपौल के निदेशक डॉ० उदय कर्ण के नेतृत्व में विद्यालय परिवार द्वारा जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गरीब, असहाय एवं वृद्ध लोगों को कंबल प्रदान किए गए, जिससे उन्हें ठंड से राहत मिल सके।

गौरतलब है कि सामाजिक उत्तरदायित्व के निर्वहन की यह परंपरा डॉ० उदय कर्ण पिछले एक दशक से भी अधिक समय से निरंतर निभाते आ रहे हैं। प्रत्येक वर्ष शीत ऋतु में वे स्वयं आगे बढ़कर जरूरतमंदों की पहचान करते हैं और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराते हैं। उनका यह प्रयास न केवल राहत पहुंचाने वाला है, बल्कि समाज के अन्य वर्गों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

इस संबंध में डॉ० उदय कर्ण ने सहज भाव से कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना कोई उपकार नहीं, बल्कि हमारा कर्तव्य है। उन्होंने यह भी कहा कि दान मूलतः गुप्त होना चाहिए, किंतु सूचना क्रांति और पारदर्शिता के इस युग में किसी भी सामाजिक कार्य का पूर्णतः गोपनीय रह पाना न तो संभव है और न ही यथोचित। यदि ऐसे कार्यों की जानकारी से समाज में संवेदनशीलता और सेवा भावना का विकास होता है, तो यह और भी शुभ है।

स्थानीय लोगों ने डीपीएस सुपौल एवं डॉ० उदय कर्ण के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को निभाना ही एक आदर्श शिक्षण संस्था की पहचान है। शीतलहर के इस कठिन समय में किया गया यह कार्य वास्तव में मानवता की सेवा का सशक्त उदाहरण है।

Join us on: