:- न्यूज़ डेस्क!
लखीसराय जिले के पीरी बाजार थाना क्षेत्र में शनिवार को दो ईसाई मिशनरी से जुड़े व्यक्तियों द्वारा भोली-भाली जनता को झाड़-फूंक, भूत-प्रेत का भय दिखाकर एवं पैसों का लालच देकर धर्मांतरण कराने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। मौके पर मौजूद राष्ट्रवादी नागरिकों, जिनमें श्री रामविलास सिंह एवं श्री नीलेश कुमार प्रमुख रूप से शामिल थे, ने इस गतिविधि का कड़ा विरोध किया और पीरी बाजार थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
विरोध के दौरान आरोपियों के पास से धर्मांतरण से संबंधित ईसाई साहित्य बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्रित हो गए, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पीरी बाजार पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया तथा पीरी बाजार थाना कांड संख्या 210/25 के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई।
घटना के बाद हिंदूवादी संगठनों ने प्रशासन से त्वरित और सख्त कार्रवाई की मांग की। इस संदर्भ में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दीपक कुमार सिंह, बजरंग दल के संयोजक श्री सोनू पटेल एवं राष्ट्रीय हिन्दू फ्रंट के राष्ट्रीय महासचिव श्री कृष्णा मुरारी ने संयुक्त रूप से पुलिस अधीक्षक, लखीसराय को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मामले का शीघ्र उद्भेदन कर पूरे धर्मांतरण गिरोह, उसके सरगना एवं नेटवर्क को बेनकाब करने की मांग की गई। साथ ही आरोपियों के पास से बरामद मोबाइल फोन की गहन तकनीकी जांच कराने का आग्रह भी किया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दीपक कुमार सिंह ने कहा-
“भारत की सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रवाद की जड़ें हिंदुत्व में हैं। भोली-भाली जनता को डर, अंधविश्वास और लालच के सहारे धर्मांतरण के लिए मजबूर करना अत्यंत निंदनीय और गंभीर अपराध है। भाजपा ऐसे कृत्यों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि इस मामले में शामिल पूरे नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई की जाए।”
भाजपा ने स्पष्ट किया कि धर्मांतरण जैसी गतिविधियाँ समाज को बांटने और राष्ट्र को कमजोर करने का प्रयास हैं। पार्टी लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से ऐसी राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के विरुद्ध संघर्ष जारी रखेगी।
मौके पर भाजपा जिला महामंत्री श्री सनोज साहू, जिला मंत्री श्री हिमांशु पटेल, श्री अभिषेक सिंह, राष्ट्रीय हिन्दू फ्रंट के श्री रंजीत कुमार, श्री मंटू नटराज, श्री भोला सिंह सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
देश और समाज की एकता, अखंडता एवं सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए भाजपा पूरी मजबूती के साथ खड़ी है।
जारीकर्ता :-
अजय कुशवाहा
भाजपा मीडिया प्रभारी,
लखीसराय।




