:- रवि शंकर अमित!
मिलर स्कूल मैदान में अभिनंदन समारोह को लेकर तैयारी अंतिम चरण में, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने तैयारियों का लिया जायजा
हवाई अड्डा से लेकर मिलर स्कूल तक पटना की सड़कें पोस्टर और बैनर से पटीं, कार्यकर्ताओं और आम लोगों में उत्साह
मिलर स्कूल में तैयारियों का जायजा लेने बिहार के कई मंत्री भी पहुंचे, सभी ने एक-एक तैयारियों को देखा
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन के स्वागत में उमड़ेगा पटना, ऐतिहासिक होगा स्वागत: संजय सरावगी
पटना, 22 दिसंबर। भाजपा के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन कल यानी मंगलवार को ऐतिहासिक और पौराणिक पाटलिपुत्र की धरती पर पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर भाजपा के कार्यकर्ताओं के अलावा सभी मंत्रियों और नेताओं में भी उत्साह है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में नेता से लेकर कार्यकर्ता तक तैयारी में जुटे हैं। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन के स्वागत में कोई कमी न रह जाए, इसका हर कार्यकर्ता पूरा ख्याल रख रहा है।
पटना के मिलर स्कूल में आयोजित होने वाले अभिनंदन समारोह को भव्य बनाने के लिए व्यापक तैयारी की जा रही है। बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी सहित उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय, निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल सहित कई अन्य मंत्री पटना हवाई अड्डा से लेकर मिलर स्कूल तक की तैयारियों का आज जायजा लिया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का ऐतिहासिक स्वागत की तैयारी है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन के स्वागत के लिए पटना की सड़कों के किनारे बड़े-बड़े पोस्टर और बैनर लगाए जा रहे हैं। पटना हवाई अड्डे से लेकर मिलर स्कूल के मैदान के बीच सभी सड़कें पोस्टर और बैनर से पट गई हैं।
उन्होंने कहा कि उनके अभिनंदन समारोह में पटना ही नहीं, बिहार के सभी जिलों के कार्यकर्ता और आम लोग पटना पहुंच रहे हैं। बिहार प्रदेश कार्यालय में भी राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के स्वागत को लेकर पूरे कार्यालय को सजाया गया है। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष दोपहर 12 बजे पटना हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे और उसके बाद वे एक रोड शो में शामिल होंगे। उनके रोड शो में आम लोगों की भी भागीदारी को देखते हुए व्यापक प्रबंध किया गया है। अपराह्न तीन बजे उनके मिलर स्कूल मैदान में पहुंचने की उम्मीद है, जहां उनका अभिनन्दन किया जाएगा।




