मुंगेर- मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत का मुंगेर दौरा, योजनाओं की प्रगति की समीक्षा और स्थलीय निरीक्षण!

SHARE:

रिपोर्ट- सुमित कुमार!

बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने आज मुंगेर जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के क्रम में उद्घोषित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा कई स्थलों का निरीक्षण कर वरीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुंगेर जिले में प्रवेश के साथ ही मुख्य सचिव ने प्रसिद्ध चंडिका स्थान में पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर प्रमंडलीय आयुक्त अवनीश कुमार सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित सहित जिले के अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्य सचिव ने मुंगेर में प्रस्तावित गंगा पथ निर्माण के एलाइनमेंट हेतु निर्धारित प्रारंभिक बिंदु हेरुदियारा का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का भी निरीक्षण किया। निर्माण एजेंसी के अधिकारियों से बातचीत कर उन्होंने कार्य में आ रही समस्याओं की जानकारी ली तथा स्थानीय स्तर पर उठाई गई शिकायतों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य तीव्र गति से चल रहा है, ऐसे में किसी भी प्रकार का अवरोध उत्पन्न न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
मुख्य सचिव ने चंडिका स्थान के मुख्य सड़क सहित मंदिर परिसर को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही भीम बांध में पर्यटन विकास से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा मुंगेर को पर्यटन के दृष्टिकोण से विकसित करने का जो संकल्प लिया गया है, उसे धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उन्होंने तेलडीहा क्षेत्र को पर्यटन के रूप में विकसित करने के लिए कांवर झील निर्माण की पहल की आवश्यकता भी बताई। अंत में मुख्य सचिव ने जिले में संचालित अन्य विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए

Join us on: