रिपोर्टर — राजीव कुमार झा
– मधुबनी जिले से लगने वाली इंडो नेपाल बॉर्डर पर मुस्तैद 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल अपना स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 19 दिसम्बर को जयनगर के तत्वावधान में वाहिनी मुख्यालय परिसर में विविध खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का आयोजन गोविंद सिंह भण्डारी, कमांडेंट की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें वाहिनी के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ बढ़-चढ़कर भाग लिया। खेल प्रतियोगिताओं का उद्देश्य बलकर्मिकों में शारीरिक दक्षता, आपसी सौहार्द, टीम भावना तथा मानसिक ओर शारीरिक स्फूर्ति को बढ़ावा देना रहा।
खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत वॉलीबॉल मैच वाहिनी मुख्यालय की टीम एवं एफ-समवाय की टीम के मध्य खेला गया। यह मुकाबला अत्यंत रोमांचक रहा, जिसमें वाहिनी मुख्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25–14 एवं 25–18 के स्कोर से 2–0 से विजय प्राप्त की।
इसके अतिरिक्त पुरुष वर्ग की 100 मीटर दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें वाहिनी के जवानों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में आरक्षी सामान्य – प्रसंजीत ने प्रथम स्थान, आरक्षी सामान्य – राजकुमार ने द्वितीय स्थान तथा आरक्षी सामान्य – दीपक कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
महिला वर्ग में आयोजित थ्री लेग रेस में भी महिला बलकार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस प्रतियोगिता में आरक्षी सामान्य (महिला) – तापती रॉय एवं झनामनी मारांडी ने प्रथम स्थान, आरक्षी सामान्य (महिला) — ज्योति सोनपुरे एवं प्रियंका पात्रा ने द्वितीय स्थान तथा आरक्षी सामान्य (महिला) – प्रतिभा मिश्रा एवं मनोट कल्याणी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं पुरुष वर्ग की सक रेस में आरक्षी सामान्य – मुकेश कुमार ने प्रथम स्थान, आरक्षी सामान्य – प्रसंजीत ने द्वितीय स्थान एवं आरक्षी सामान्य – मुस्तफा अंसारी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया।
इस अवसर पर 48 वाहिनी के कमांडेंट ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा की ।
कमांडेंट ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम वर्क एवं नेतृत्व क्षमता को भी विकसित करता है। उन्होंने कहा कि सशस्त्र सीमा बल के जवान सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ हर क्षेत्र में उत्कृष्टता का परिचय दे रहे हैं। ऐसे आयोजन बलकार्मिकों में आपसी भाईचारे, सकारात्मक ऊर्जा एवं कार्यकुशलता को बढ़ाते हैं।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं जवानों से भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।
इस कार्यक्रम के दौरान हरेंद्र सिंह, द्वितीय-कमान अधिकारी, ताशी पालदन, सहायक कमांडेंट सहित वाहिनी के सभी बलकार्मिक उपस्थित रहे।
समाप्त।




