स्मैक हीरोइन तस्करी का भंडाफोड़, पति-पत्नी गिरफ्तार, 62.69 ग्राम हीरोइन व 2.57 लाख रुपए बरामद!

SHARE:

रिपोर्ट- संतोष चौहान!

सुपौल :- त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनियां वार्ड नं०-11 में पुलिस ने स्मैक हिरोइन तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए तस्कर पति-पत्नी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार को की गई छापेमारी में पुलिस ने 62.69 ग्राम स्मैक हिरोइन, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू,दो मोबाइल फोन और स्मैक हीरोइन बिक्री से अर्जित 2 लाख 57 हजार 910 रुपये नकद बरामद किए हैं।
दरअसल पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लक्ष्मीनियां वार्ड नं०- 11 निवासी दिलीप कुमार कामैत और उसकी पत्नी जुली देवी अपने घर से स्मैक हीरोइन की खरीद-फरोख्त का अवैध कारोबार चला रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ को अवगत कराया गया।

गुरुवार को मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ विभाष कुमार ने बताया कि मजिस्ट्रेट सह अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी मनोहर कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम लक्ष्मीनियां स्थित दिलीप कुमार कामैत के घर पहुंची। घर की घेराबंदी के दौरान पुलिस वाहन को देखकर एक महिला और एक पुरुष भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें पुलिस बल की मदद से पकड़ लिया गया। बाद में उनकी पहचान दिलीप कुमार कामैत और उसकी पत्नी जुली देवी के रूप में हुई। मजिस्ट्रेट एवं मौजूद लोगों के समक्ष घर की तलाशी के दौरान घर के बाएं कमरे में पलंग के बॉक्स से काले प्लास्टिक में रखे पीले पन्नी के नौ पाउच बरामद किए गए, जिनमें स्मैक हिरोइन होने की पुष्टि हुई। इसके अलावा पलंग के नीचे से एक मिनी इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद किया गया। जब्त स्मैक हीरोइन का वजन करने पर कुल मात्रा 62.69 ग्राम पाई गई। पूछताछ के दौरान दिलीप कुमार कामैत ने स्वीकार किया कि वह बाहर से स्मैक हीरोइन खरीदकर लाता था,जबकि उसकी पत्नी जुली देवी घर पर छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बिक्री करती थी। स्मैक हीरोइन बिक्री से प्राप्त नकदी घर में ही रखी जाती थी। जुली देवी की निशानदेही पर गोदरेज की तलाशी ली गई,जहां से 2 लाख 57 हजार 910 रुपये नकद बरामद किए गए। तलाशी के क्रम में दिलीप कुमार कामैत के पास से वीवो कंपनी का एक स्मार्टफोन तथा जुली देवी के पास से एक की-पैड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

एसडीपीओ ने बताया कि बरामद सामग्री से स्पष्ट है कि आरोपी पति-पत्नी संगठित तरीके से नशे का अवैध कारोबार चला रहे थे। दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। उन्होंने आगे बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले से ही इस अवैध कारोबार में संलिप्त थे। फिलहाल पुलिस स्मैक हीरोइन तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है,ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। सूत्रों के अनुसार, बरामद 62.69 ग्राम स्मैक की स्थानीय अवैध बाजार तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 8 से 10 लाख रुपये आंकी जा रही है। गिरफ्तार तस्कर दंपति को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

Join us on: