रिपोर्ट – संतोष चौहान!
सुपौल :- एनटीपीसी (NTPC) द्वारा ज्ञान भवन पटना में आयोजित स्टेट लेवल पेंटिंग प्रतियोगिता में इस वर्ष का मुख्य विषय “ऊर्जा संरक्षण (Energy Conservation)” रखा गया था। प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया और ऊर्जा बचत को चित्रकला के माध्यम से प्रदर्शित किया।
इसी प्रतियोगिता में सेंट ज़ेवियर्स हाई स्कूल, सुपौल की प्रतिभाशाली छात्राएं क्रमशः देवांशी,तनु प्रिया तथा सृष्टि शिप्रा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता (Winner) का खिताब हासिल किया। देवांशी की पेंटिंग ने यह संदेश प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया कि ऊर्जा संरक्षण भविष्य की सुरक्षा है। उनके चित्र में बिजली बचत, नवीकरणीय ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर समन्वय देखने को मिला, जिसने निर्णायकों को विशेष रूप से प्रभावित किया।
प्रतियोगिता में विभिन्न प्रसिद्ध विद्यालयों के छात्र शामिल हुए थे, लेकिन देवांशी ने अपनी रचनात्मक सोच, आकर्षक रंगों के उपयोग और स्पष्ट संदेश के माध्यम से निर्णायक मंडल का दिल जीत लिया।परिणाम स्वरूप देवांशी को नौ हजार पाँच सौ रुपये का चेक एवं सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उनकी इस सफलता से सेंट ज़ेवियर्स हाई स्कूल, सुपौल का नाम एक बार फिर कला और शिक्षा के क्षेत्र में गौरवपूर्ण तरीके से उभरा है।
विद्यालय प्राचार्य सर्वेश कुमार तिवारी, प्रशासक विश्वास चन्द्र मिश्र एवं प्रबंधक राहुल आनंद सहित सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने देवांशी को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी नई प्रेरणा देती हैं। विद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामनाएं की।




