रिपोर्ट – अमित कुमार!
छठ पूजा के लिए गंगा नदी से पानी लाने गया युवक गंगा की तेज धार में हुआ लापता, मौके पर मचा हड़कंप — एसडीआरएफ टीम ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
पटना सिटी। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक दावों के बीच छठ पूजा के पहले दिन एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। कंगन घाट पर छठ पूजा के लिए गंगा नदी से पानी लाने गया एक युवक तेज धार में बहकर लापता हो गया। बताया जा रहा है कि बाहरी बेगमपुर, जगदीश पार्क निवासी अंजू देवी अपने 18 वर्षीय बेटे घनश्याम कुमार के साथ नहाए-खाए के प्रसाद के लिए गंगा जल लाने कंगन घाट पहुंची थीं।
आसपास मौजूद लोगों के मुताबिक, घनश्याम पिलर संख्या 199 के पास गंगा में नहाने के लिए उतरा था, तभी अचानक वह गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में बह गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना घाट पर मौजूद एसडीआरएफ टीम को दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
करीब दो घंटे की खोजबीन के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। टीम के गोताखोर लगातार गंगा में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
वहीं, इस मामले में चौक थाना प्रभारी मनजीत ठाकुर ने बताया कि परिवार वालों द्वारा बयान बार-बार बदला जा रहा है, जिससे स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक थाना को इस संबंध में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। परिवार वाले युवक की तलाश अपने स्तर पर भी कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




