दरभंगा – राजद को बड़ा झटका, अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा में शामिल!

SHARE:

लक्ष्मण कुमार:- दरभंगा

दरभंगा से महागठबंधन को बड़ा झटका — राजद अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष कुमार गौरव ने सैकड़ों समर्थकों संग थामा बीजेपी का दामन

दरभंगा।बिहार विधानसभा चुनाव से पहले दरभंगा जिले में महागठबंधन को तगड़ा झटका लगा है। राजद नेता कुमार गौरव ने शनिवार को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। यह कार्यक्रम दरभंगा शहर के एक निजी होटल में आयोजित किया गया, जिसमें केंद्रीय मंत्री सह बिहार चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, दरभंगा सांसद गोपाल जी ठाकुर, मधुबनी सांसद अशोक यादव, बिहार सरकार के मंत्री हरि सहनी,मंत्री संजय सरावगी एवं भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण झा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा,कुमार गौरव अति पिछड़ों के मजबूत एवं उभरते हुए चेहरे हैं।
सदस्यता ग्रहण समारोह में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में एनडीए को बिहार में ऐतिहासिक जीत दिलानी है। आज दरभंगा की धरती पर अति पिछड़े समाज के एक उभरते हुए नेता कुमार गौरव ने अपने साथ सैकड़ों साथियों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी को मजबूती प्रदान की है।उन्होंने आगे कहा कि कुमार गौरव जैसे ऊर्जावान और जनसमर्पित नेता का भाजपा में शामिल होना न केवल दरभंगा बल्कि पूरे मिथिला क्षेत्र के लिए एक शुभ संकेत है। उनके नेतृत्व में अति पिछड़ा समाज बड़ी संख्या में भाजपा के साथ जुड़ेगा और एनडीए को प्रचंड बहुमत से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।
मंत्री प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार और देश में जनहित की अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में ऐसे युवा और समर्पित नेताओं की भूमिका अहम है।
कुमार गौरव ने कहा, जनसेवा ही मेरा उद्देश्य है मैं वादा करता हूँ कि भाजपा की विचारधारा को घर-घर पहुंचाऊंगा।
कार्यक्रम में भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद कुमार गौरव ने कहा कि मैं भाजपा परिवार में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, दरभंगा सांसद गोपाल जी ठाकुर, मधुबनी सांसद डॉ अशोक कुमार यादव, बिहार सरकार के मंत्री हरि सहनी, मंत्री संजय सरावगी एवं जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण झा के नेतृत्व में शामिल हुआ हूं।उन्होंने कहा कि मेरे साथ सैकड़ों अति पिछड़ा समाज के कार्यकर्ता और साथी आज भाजपा की सदस्यता ले रहे हैं। हम सभी का लक्ष्य है कि अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर एनडीए प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाएं। मैं स्वयं भी जहां पार्टी निर्देश देगी, खासकर हायाघाट, बेनीपुर, बहादुरपुर और अलीनगर विधानसभा क्षेत्रों में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ एनडीए प्रत्याशी की जीत के लिए काम करूंगा।
कुमार गौरव ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य सरकार ने सैकड़ों विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा है। इन योजनाओं को लेकर हम जनता के बीच जाएंगे और विकास के एजेंडे पर एनडीए को मजबूत करेंगे।”
उन्होंने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मैं भाजपा नेतृत्व को विश्वास दिलाता हूं कि जिस ऊर्जा और निष्ठा के साथ मैं अब तक राजद में कार्य करता था, उससे अधिक समर्पण के साथ भाजपा के लिए काम करूंगा। जिस विश्वास के साथ केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान स्वयं दरभंगा आकर मुझे सदस्यता दिलाई है, उस विश्वास पर मैं जीवनभर खरा उतरूंगा।
कुमार गौरव के साथ भाजपा में शामिल होने वालों में राजद नेता व बेनीपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी राजीव कुशवाहा, रामसुंदर कामत, हरेराम लालदेव, राहुल प्रसाद, इंजीनियर रंजीत देव, विनोद कुमार लाल, विक्रम सत्संगी, महेश लाल देव, सुजीत गौरव, अजय कुमार साहू, अमर मंडल, वीरेंद्र महतो, श्रीकांत महतो, रामभरोस महतो, अजीत कुशवाहा, गंगा पोद्दार, शिवकुमार महतो, अनिल साहू, रामदयाल लाल, हरिवंश यादव, प्रवीण माझी, बबलू यादव, संतोष राम, देवराज महतो, सरस्वती देवी और संजना देवी समेत सैकड़ों अति पिछड़ा समाज के कार्यकर्ता शामिल हैं।
ज्ञात हो कि कुमार गौरव पिछले एक दशक से अधिक समय तक राजद अति पिछड़ा प्रकोष्ठ में सक्रिय रहे और देवहर समुदाय विकास समिति नामक संगठन का संचालन करते थे। उन्होंने 22 अक्टूबर 2025 को पार्टी टिकट बंटवारे में अति पिछड़ा समाज की उपेक्षा से नाराज होकर लगभग 50 कार्यकर्ताओं के साथ राजद की प्राथमिक सदस्यता एवं सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था।
राजनीतिक गलियारों में बीते दिनों इस बात को लेकर अटकलें तेज थीं कि कुमार गौरव अब किस दल में जाएंगे। शनिवार को इन अटकलों पर विराम लगाते हुए उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर अपने नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत की।

Join us on: