बड़हरा विधानसभा से जदयू नेता विश्वनाथ सिंह ने भरा निर्दलीय नामांकन!

SHARE:

रिपोर्टर शुभम सिन्हा

बड़हरा विधानसभा से जदयू नेता विश्वनाथ सिंह ने भरा निर्दलीय नामांकन, बोले 8 बार के विधायक ने नहीं किया कोई विकास कार्य

भोजपुर जिले के बड़हरा विधानसभा सीट से राजनीतिक समीकरण अब तेजी से बदल रहे हैं। शुक्रवार को जदयू के वरिष्ठ नेता विश्वनाथ सिंह ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान उनके सैकड़ों समर्थक मौजूद थे, जो नारे लगाते हुए उनके साथ गांधी चौक स्थित आवास से पैदल मार्च करते हुए आरा अनुमंडल कार्यालय तक पहुंचे।

नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में विश्वनाथ सिंह ने कहा कि वे जनता के मुद्दों और क्षेत्र के विकास के लिए चुनाव मैदान में उतरे हैं। उन्होंने वर्तमान विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आठ बार विधायक रहने के बावजूद उन्होंने बड़हरा में एक भी उल्लेखनीय विकास कार्य नहीं कराया। अब उनकी उम्र हो चुकी है, ऐसे में उन्हें खुद ही राजनीति से संन्यास ले लेना चाहिए था।

विश्वनाथ सिंह ने आगे कहा कि यह वही व्यक्ति हैं जो कभी राजद के विधायक रहते हुए भाजपा को हराने का काम करते थे, लेकिन आज वहीं भाजपा के टिकट पर मैदान में हैं। यह एक विचारणीय और दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। उन्होंने कहा कि बड़हरा की जनता अब बदलाव चाहती है, और वे जनता के सहयोग से इस चुनाव में जीत दर्ज करेंगे।

Join us on: