रिपोर्टर -शुभम सिन्हा!
भोजपुर जिले के नवादा थाना क्षेत्र अंतर्गत बहिरो गांव में गुरुवार की शाम दोस्ती की बातों के बीच एक मामूली विवाद ने गोलीकांड का रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, गाली-गलौज के विवाद को लेकर एक युवक ने अपने ही दोस्त को बुलाकर दो गोलियां दाग दीं। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक नगर थाना क्षेत्र के वी-मार्ट मोहल्ला निवासी नीतीश कुमार है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले दोनों दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। उसी को लेकर गुरुवार को आरोपी युवक ने नीतीश को बहिरो मोहल्ले में बुलाया। बातचीत के दौरान आरोपी ने नीतीश पर दो राउंड फायर कर दिया। गोली लगने के बाद नीतीश जमीन पर गिर गया। जिसके बाद नीतीश के दोस्तों ने तुरंत उसे उठाकर आरा शहर के बाबू बाजार स्थित एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया।
वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद नवादा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ खाली कारतूस भी बरामद किए हैं। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं डॉक्टर के मुताबिक मरीज की स्थिति पहले से बेहतर है।




