रिपोर्टर शुभम सिन्हा
भोजपुर जिले के नवादा थाना क्षेत्र अंतर्गत धोबी घटवा रोड पर शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में छात्र की मौत हो गई। मृतक छात्र उदवंतनगर थाना क्षेत्र के जीरो माइल निवासी सुनील कुमार यादव के पुत्र रंजीत कुमार है। रंजीत रोजाना की तरह सुबह पढ़ने के लिए धोबी घटवा जा रहा था। तभी यह हादसा हुआ।
घटना को लेकर प्रेम चंद यादव ने बताया कि रास्ते में अचानक एक तेज रफ्तार ट्रक सामने आ गया। ट्रक को देखकर रंजीत घबरा गया और सड़क पर रखे बालू के ढेर में फंसकर गिर गया। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतक के पिता सुनील कुमार यादव बिहार पुलिस में कार्यरत हैं और फिलहाल पटना में तैनात हैं। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के लोगों ने घटना के विरोध में सड़क जाम कर दिया और ट्रक चालक पर कार्रवाई की मांग करने लगे।
स्थानीय नागरिक प्रेम चंद यादव ने कहा कि जब तक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचते और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक जाम नहीं हटेगा। वहीं सूचना मिलते ही नवादा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया है। लेकिन अभी लोग मानने को तैयार नहीं है। लोगों का कहना है कि जब तक बालू वाले पर कार्रवाई नहीं होती है तब तक जाम नहीं हटेगा।




