बीआरएम कॉलेज में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं ने ली शपथ लोकतंत्र को मजबूत करने का लिया संकल्प!

SHARE:

रिपोर्ट- सुमित कुमार!

मुंगेर निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी निखिल धनराज के निर्देशानुसार आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बुधवार को बीआरएम कॉलेज, मुंगेर में स्वीप (SVEEP) कोषांग की ओर से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में छात्राओं और प्रथम मतदाताओं (फ़र्स्ट टाइम वोटर्स) ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता फैलाना और लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत निर्वाचन साक्षरता क्लब की ओर से जनजागरूकता संदेश के साथ हुई। छात्राओं ने परिसर में मानव श्रृंखला बनाकर एकजुट होकर मतदान करने का संदेश दिया। इसके बाद सभी उपस्थित छात्राओं ने मतदाता शपथ लेकर निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार मतदान का संकल्प लिया।
इस मौके पर स्वीप आइकॉन श्रीजा सेनगुप्ता ने छात्राओं को बतौर यूथ वोटर मतदान से जुड़ी आवश्यक जानकारियाँ दीं। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी लोकतंत्र की असली ताकत है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे अपने मित्रों और परिवार को भी मतदान के लिए प्रेरित करें ताकि अधिक से अधिक लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।स्वीप कोषांग की नोडल पदाधिकारी सुनीरा प्रसाद ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान करना राष्ट्र निर्माण की दिशा में पहला कदम है। उन्होंने बताया कि जिन छात्राओं की आयु 18 वर्ष पूरी हो गई है और जिनका नाम अभी मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र, मुंगेर के काउंटर नंबर-5 पर जाकर अपना नाम जुड़वा सकती हैं।उन्होंने प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं को मतदाता सूची में नामांकन, पहचान पत्र सत्यापन और मतदान प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी दी।कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने एक स्वर में लोकतंत्र को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। सभी ने यह नारा दिया पहले मतदान, फिर जलपान।इस अवसर पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सुकन्या, बीआरएम कॉलेज की प्राचार्या, प्रोफेसर कविता कुमारी चौरसिया, पंकज कुमार गुप्ता, ऋषभ कुमार सहित कई शिक्षक, कर्मचारी और छात्राएं मौजूद थीं।पूरा कॉलेज परिसर जागो मतदाता बढ़ाओ लोकतंत्र की ताकत के नारों से गूंज उठा।

Join us on: