रिपोर्टर — राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के दूलीपट्टी गांव में 48 वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों के 25 ग्रामीण प्रतिभागियों के लिए 15 दिवसीय जनरेटर रिपेयर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्घाटन कमांडेंट गोविंद सिंह भंडारी द्वारा किया गया।
अपने उद्घाटन संबोधन में कमांडेंट गोविंद सिंह भंडारी ने कहा कि यह प्रशिक्षण सीमावर्ती ग्रामीणों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सशक्त कदम है।
उन्होंने यह भी कहा कि सीमांत सुरक्षा के साथ-साथ सीमांत विकास भी सशस्त्र सीमा बल की प्राथमिकता में है।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों को बताया गया कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से वे जनरेटर की मरम्मत, रखरखाव एवं संचालन का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करेंगे, जिससे वे अपने गाँवों में स्वरोजगार के अवसर सृजित कर सकेंगे।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में रमा फाउंडेशन का तकनीकी सहयोग प्राप्त हुआ है।
संस्था से विवेक कुमार पांडे, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर एवं ट्रेनर, ने प्रशिक्षण संबंधी जानकारी दी और प्रतिभागियों को तकनीकी दिशा-निर्देश प्रदान किए।
कमांडेंट गोविंद सिंह भंडारी ने प्रतिभागियों से अनुशासन और लगन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने का आह्वान किया तथा आयोजन से जुड़े सभी प्रशिक्षकों और अधिकारियों की सराहना की।
यह कार्यक्रम 15 दिनों तक चलेगा, जिसमें प्रतिभागियों को जनरेटर की तकनीकी मरम्मत, सुरक्षा मानक, तथा व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
इस पहल से सीमावर्ती युवाओं में रोजगार सृजन और आत्मनिर्भरता की भावना को बल मिलेगा।




