रिपोर्टर शुभम सिन्हा!
भोजपुर जिले में शनिवार की रात हुई लगातार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई इलाकों में बिजली गुल है, जबकि दीवार और पेड़ गिरने की घटनाओं से लोग दहशत में हैं। इसी बीच शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड-09 स्थित कन्या मध्य विद्यालय में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। भारी बारिश के बाद विद्यालय की चारदीवारी अचानक धराशायी हो गई। जिससे स्कूल निर्माण की खामियां उजागर हो गईं है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, स्कूल भवन का निर्माण वर्षों पहले बेहद लापरवाही से किया गया था। बताया जाता है कि निर्माण के दौरान छत पर प्लास्टर तक नहीं किया गया था, जिससे हर बरसात में पानी टपकता है और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती रही है। इतना ही नहीं, कक्ष निर्माण में नींव भी नहीं खोदी गई थी, बल्कि दीवारें सीधे फर्श से शुरू कर दी गई थीं। नतीजतन, बारिश के दबाव में दीवारें कमजोर होकर गिर गईं।
वहीं जिलाधिकारी के निर्देश पर खराब मौसम के कारण विद्यालय पहले से ही बंद था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल, चारदीवारी गिरने के बाद स्कूल की दीवारों में गहरी दरारें दिखाई दे रही हैं, जो बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं। स्थानीय लोगों ने निर्माण की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।




