रिपोर्ट- सुमित कुमार!
मुंगेर की धरती आज विकास की नई गवाही बनी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को मुंगेर जिले को लगभग 12,690 करोड़ रुपए की 15 विकासात्मक योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने जमालपुर स्थित बियाडा की 15 एकड़ भूमि पर 250 करोड़ रुपए की लागत से नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड की सहायक इकाई मदर डेयरी की नींव रखी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से जिले में विकास कार्यों को नई गति और दिशा मिलेगी। साथ ही रोजगार, उद्योग और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में भी आम लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
मुंगेर की लौह नगरी जमालपुर की धरती से बिहार के मुखिया नीतीश कुमार ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अगले पांच सालों में एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार दिया जाएगा। इस बार 10 लाख को सरकारी नौकरी और 40 लाख को रोजगार दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों में कोई काम नहीं हुआ, सभी काम एनडीए सरकार में हुए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का भी बिहार के विकास में काफी सहयोग मिल रहा है।
समृद्धि की ओर जा रहा है बिहार
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि “भारत सरकार के द्वारा मदर डेयरी का नींव मुख्यमंत्री के द्वारा डलवाने के लिए ललन जी को धन्यवाद देते हैं। नीतीश जी ने मुंगेर के इर्दगिर्द बारह हजार करोड़ की योजनाओं का तोहफा दिया है। आज मुंगेर से भागलपुर तक गंगा पथ पर लगभग दस हजार करोड़ की लागत से काम किया जा रहा है। हल्दिया एक्सप्रेस वे का भी कार्य जारी है। बिहार बदल रहा है, बिहार समृद्धि की ओर जा रहा है। आज नीतीश जी की कल्पना है कि यहां कोका-कोला जैसी कई फैक्ट्रियां खुलें — यही नीतीश कुमार का विजन है।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा, ढाई सौ करोड़ की दूध प्रोसेसिंग यूनिट के शिलान्यास के लिए मैं नीतीश कुमार जी को धन्यवाद देता हूं। विकास के प्रति उनकी प्रतिस्पर्धा है और वे बिहार के विकास के लिए समर्पित हैं। मदर डेयरी के खुलने से न सिर्फ मुंगेर बल्कि आसपास के शहरों का भी विकास होगा। इसके खुलने से ढाई सौ लोगों को रोजगार मिलेगा। यहां से कुपोषित बच्चों को पैकेट वाला दूध मिलेगा। गांव-गांव से दूध संग्रह किया जाएगा, जिसके लिए गांवों में चिलिंग प्लांट लगाए जाएंगे। अभी एक लाख लीटर दूध संग्रह की क्षमता है और आने वाले दिनों में इसे दो लाख लीटर तक बढ़ाया जाएगा।
पिछली सरकार ने कुछ नहीं किया
इस मौके पर जमालपुर के जेएसए ग्राउंड में जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, यह खुशी की बात है कि नेशनल डेयरी बोर्ड की सहायक शाखा मदर डेयरी की स्थापना की जा रही है। सरसों बीज प्रसंस्करण योजनाओं समेत लगभग दो सौ नौ करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास किया जा रहा है। आप सब जानते हैं कि बड़े पैमाने पर दूध और मत्स्य पालन पर जोर दिया जा रहा है। पहले की सरकारों ने कोई काम नहीं किया। जब से हमारी सरकार सत्ता में आई है, तब से बिहार के विकास का काम तेजी से हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा, सात निश्चय कार्यक्रम के दौरान हमने दस लाख लोगों को नौकरी देने का ऐलान किया था, पर अब तक पचास लाख लोगों को नौकरी और रोजगार मिला है। अब हमारा लक्ष्य एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देना है।
मुख्यमंत्री ने कहा, सभी पंचायतों में विवाह भवन बनाने का लक्ष्य है। सभी वृद्धजनों की पेंशन चार सौ रुपए से बढ़ाकर ग्यारह सौ रुपए कर दी गई है। राज्य को बिजली कटौती से मुक्त कर दिया गया है, और जो लोग चाहेंगे उनके घरों पर सोलर सिस्टम लगाया जाएगा।”
उन्होंने आगे कहा, मुख्यमंत्री रोजगार योजना के तहत हर घर की एक महिला को दस हजार रुपए दिए जा रहे हैं, और जो महिला अच्छा काम करेगी उसे दो लाख रुपए तक की सहायता दी जाएगी। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बिहार के विकास के लिए कार्य कर रही हैं, जिसके लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को धन्यवाद देता हूं।
मुख्यमंत्री ने कहा, मुंगेर का वर्ष 2005 के पहले क्या हाल था, यह आप सब जानते हैं। अब राज्य में कानून का राज स्थापित हुआ है। मुंगेर में शिक्षण संस्थान, स्वास्थ्य, सड़क और पुल का जाल बिछाया गया है। मुंगेर के तारापुर में रिंग रोड का निर्माण किया जा रहा है, ऋषिकुंड का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है, कष्टहरणी घाट का सौंदर्यीकरण, योग विद्यालय के लिए रिंग रोड का निर्माण और भीम बांध को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। पहले की सरकारों ने कोई काम नहीं किया था, लेकिन हमारी सरकार ने कानून का राज स्थापित किया है और अब बिहार पहले से कहीं अधिक मजबूत स्थिति में है।
जनसंवाद कार्यक्रम में लाभार्थियों से की बातचीत इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभार्थियों, जीविका दीदियों, विद्युत उपभोक्ताओं तथा अन्य योजनाओं के लाभार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने लाभार्थियों की समस्याओं और सुझावों को सुना तथा संबंधित पदाधिकारियों को उन पर समुचित कार्रवाई का निर्देश दिया।
कार्यक्रम के बाद उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं से भी संवाद किया और उनके सुझावों को भी गंभीरता से सुना।
मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय मंत्री सह सांसद राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल, जार्ज कुरियन सहित विधायक व एमएलसी थे।




