अष्टमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, महिला भक्तों ने चढ़ाया डलिया!

SHARE:

रिपोर्ट- सुमित कुमार!

मुंगेर : शारदीय नवरात्र की अष्टमी तिथि पर जिले के विभिन्न दुर्गा मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और विशेष आस्था के साथ अष्टमी पर डलिया अर्पण किया। परंपरा के तहत इस दिन मां दुर्गा को डलिया चढ़ाने का विशेष महत्व है, जिसके कारण महिला श्रद्धालुओं की संख्या मंदिरों में सबसे अधिक देखी गई।

मंदिर परिसर पूरे दिन श्रद्धा और भक्ति से गूंजता रहा। महिलाएं हाथों में डलिया लेकर मां के जयकारे के साथ कतारों में खड़ी होकर बारी-बारी से अर्पण करती रहीं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए। पुलिस बल और मंदिर प्रशासन मिलकर व्यवस्था संभालते रहे। सुरक्षा व भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, वहीं स्वयंसेवक भी सक्रिय दिखे।

बड़ी दुर्गा महरानी मंदिर के प्रधान कार्यकर्ता अरविन्द कुमार साह ने बताया कि हर वर्ष अष्टमी पर बड़ी संख्या में महिलाएं डलिया अर्पण के लिए आती हैं। इस बार भी श्रद्धालुओं की भीड़ अपेक्षा से अधिक रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस और मंदिर प्रशासन मिलकर लगातार निगरानी रख रहे हैं, ताकि सभी भक्त शांतिपूर्ण ढंग से दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकें।

Join us on: