रिपोर्टर शुभम सिन्हा
अमोरज गांव में हादसा, मंदिर निर्माण में सहयोग कर रहे युवक की करंट से मौत
भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र अंतर्गत अमोरज गांव में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक अमरोज गांव के रहने वाले पवन सिंह के पुत्र प्रमोद कुमार यादव है। घटना को लेकर परिजन रूपेश यादव से मिली जानकारी के मुताबिक प्रमोद गांव में काली मंदिर के निर्माण कार्य में सहयोग कर रहे थे। काम समाप्त होने के बाद वे मंदिर परिसर से सामान हटा रहे थे।
इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी। जब परिजन वहां पहुंचे, तब तक प्रमोद की सांसें थम चुकी थीं। घटना की जानकारी पाकर पूरे परिवार में कोहराम मच गया। रो-रोकर परिजनों का हाल बेहाल है। प्रमोद गांव में रहकर खेती-किसानी करते थे और परिवार के मुख्य सहारा थे।
उनकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी मिलने पर चरपोखरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम आरा सदर अस्पताल में कराया। मृतक के भतीजे रूपेश यादव ने बताया कि उनके चाचा मंदिर में सामान हटा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। वहीं, इस हादसे ने गांव के हर परिवार को गमगीन कर दिया है।




