रिपोर्टर शुभम सिन्हा
गुण्डी गांव में विकासहीनता पर फूटा गुस्सा, ग्रामीणों ने मृत सांसद और लापता विधायक से लगाया बैनर
भोजपुर जिले के बड़हरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गुण्डी गांव के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। गांव के उर्दू स्कूल टोला की गली अब तक पक्की नहीं होने के कारण कीचड़ और जलजमाव की समस्या से लोग लंबे समय से जूझ रहे हैं। नाराज ग्रामीणों ने “रोड नहीं तो वोट नहीं” का नारा लगाते हुए 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने का ऐलान किया।
ग्रामीणों ने गांव में बैनर लगाया है। जिनपर लिखा है “आरा के मृत सांसद एवं बड़हरा के लापता विधायक इनके ही क्षेत्र में एक उपेक्षित ग्राम गुण्डी में गली पक्कीकरण नहीं होने के कारण कीचड़ में डूबा उर्दू स्कूल टोला की जनता द्वारा 2025 का बिहार विधानसभा चुनाव का बहिष्कार किया जाता है”। यह बैनर ग्रामीणों ने गली के शुरुआत में ही लगाया है, ताकि अगर कोई नेता गांव में वोट मांगने आए तो उसे गांव में आने से पहले ही दिख जाए।
वहीं प्रदर्शनकारी ने बताया कि गली बनाने के लिए हमलोगों ने जिला पदाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी को कई बार आवेदन दिया है। वर्तमान विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह से पांच बार मिलने गए है लेकिन राघवेंद्र प्रताप सिंह ने एक जलेबी खिला कर भेज दिए। ग्रामीणों ने वर्तमान मुखिया रेखा पांडेय और उनके पति आनंद गोपाल पांडे पर आरोप लगाते हुए कहा कि वो साफ बोलते है तुम लोग वोट नहीं किए हो इसलिए हमलोग का काम नहीं करेंगे।
वहीं आरा के सांसद सुदामा प्रसाद को लेकर ग्रामीण ने बताया कि 2024 में चुनाव के दौरान पैर पकड़ने के लिए तैयार थे और अब चुनाव जीतने के बाद एक साल में एक बार भी नहीं आए है, इसलिए हमलोगों ने आरा के सांसद को मृत बताया है। वहीं प्रदर्शन कर रही लाडली खातून ने बताया कि गली नहीं होने की वजह से नाली के पानी में समा कर जाना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि जब तक सड़क नहीं बनेगी, तब तक वोट डालने बूथ पर कोई नहीं जाएगा।




