रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय/खगड़िया!
आज जिला पदाधिकारी श्री नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार की अध्यक्षता में आगामी विधानसभा चुनाव 2025 से संबंधित विधि-व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
यह बैठक पूर्व में विधि-व्यवस्था को लेकर दिए गए निर्देशों की समीक्षा एवं उनके अनुपालन की स्थिति का आकलन करने के उद्देश्य से आयोजित की गई। बैठक के दौरान शस्त्र सत्यापन, पुलिस लाइन आर्मरी की स्थिति तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी गहन समीक्षा की गई।
इसके अतिरिक्त, बिहार क्राइम कंट्रोल एक्ट (BCCA) के तहत भेजे गए प्रस्तावों की गुणवत्ता की समीक्षा की गई तथा गंभीर आपराधिक मामलों, लंबित एवं निष्पादित कांडों की स्थिति पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में विधि व्यवस्था कोषांग के वरीय प्रभारी श्री विमल कुमार, OSD श्री तेजनारायण राय, दोनों अनुमंडलों के अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।
सभी पदाधिकारियों को आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।




