मुजफ्फरपुर एवं सकरा विधानसभा क्षेत्र का डीएम एसएसपी ने चुनावी तैयारी का लिया जायजा!

SHARE:

रिपोर्ट- संतोष तिवारी!

भेद्यता मानचित्रण,एएमएफ, एरिया डामिनेशन, विश्वास बहाली पर दिया जोर।

चुनाव कर्मियों को न केवल निष्पक्ष रहने बल्कि निष्पक्ष एवं न्यूट्रल रहकर आयोग के दिशानिर्देश के अनुरूप कार्य करने पर दिया बल

जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री सुशील कुमार ने शुक्रवार को मुजफ्फरपुर एवं सकरा विधानसभा क्षेत्र की तैयारी की समीक्षा सभी सेक्टर पदाधिकारी सभी थानाध्यक्ष तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ की। मुजफ्फरपुर विधानसभा क्षेत्र की समीक्षा नगर भवन में तथा सकरा विधानसभा क्षेत्र की समीक्षा प्रखंड सभागार सकरा में की।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निम्न बिंदुओं के तहत समीक्षा की-
भेद्यता मानचित्र, मतदान केदो तथा CAPF आवासन स्थल पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, EVM/VVPAT से संबंधित एहतियाती उपाय, चेकपोस्ट पर सघन चेकिंग,शस्त्र सत्यापन, अवैध शस्त्रों की जब्ती , नॉन बेलेबल वारंट की स्थिति, आदतन अपराधियों की थानावार स्थिति , सीसीए प्रस्ताव आदि की समीक्षा की।

मुजफ्फरपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी नगर आयुक्त श्री विक्रम विरकर हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में 416 मतदान केंद्र, 38 सेक्टर पदाधिकारी, 38 सेक्टर पुलिस पदाधिकारी हैं। शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के निमित्त थानावार शस्त्र सत्यापन की समीक्षा में पाया गया कि इस विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुल 1295 शस्त्र का सत्यापन हो चुका है अब मात्र 82 शस्त्र का सत्यापन होना शेष है। जिलाधिकारी ने शेष शस्त्र का भी शीघ्र सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

सकरा विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी डीसीएलआर पूर्वी श्री कृष्ण कुमार हैं। इस विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुल 343 मतदान केंद्र , 37 सेक्टर पदाधिकारी, 37 पुलिस सेक्टर पदाधिकारी हैं। सकरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत 100 शस्त्र का सत्यापन किया जा चुका है अब मात्र 8 शस्त्र का सत्यापन होना शेष है। जिलाधिकारी ने शेष बचे हुए 8 शस्त्र का अविलंब सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक के उपरांत जिलाधिकारी ने सकरा के लिए स्थानीय स्तर पर डिस्पैच सेंटर बनाये जाने की संभावना को लेकर बलिराम उच्च माध्यमिक विद्यालय सकरा का निरीक्षण किया। डिस्पैच सेंटर के लिए अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।

चुनाव कर्मी न केवल निष्पक्ष रहें बल्कि निष्पक्ष एवं न्यूट्रल दिखें – डीएम

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मियों को आगाह करते हुए कहा कि चुनाव कार्य से जुड़े हुए सभी अधिकारी एवं कर्मी न केवल निष्पक्ष रहे बल्कि निष्पक्ष दिखें। सभी अधिकारी एवं कर्मी पक्षपात रहित एवं न्यूट्रल होकर निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देश के अनुरूप कार्य करें। चुनाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं चलेगी बल्कि कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि चुनाव ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी एवं कर्मी मतदाताओं के बीच इस प्रकार से विश्वास बहाली एवं एरिया डोमिनेशन का कार्य करें ताकि हर बुथ पर मतदाता भयरहित होकर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान कर सकें। इसके लिए सभी सेक्टर पदाधिकारी क्षेत्र भ्रमण कर लोगों से फीडबैक प्राप्त करें तथा आवश्यक बातों को उच्चाधिकारियों को अवगत करायें।

बैठक में जिलाधिकारी ने चुनाव कार्य की संवेदनशीलता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी गाइडलाइन एवं एसओपी का पालन तथा उसके अनुरूप कार्य व्यवहार छोटे से बड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को अनिवार्य रूप से करना है। चुनावी कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, गड़बड़ी एवं अनियमितता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी बल्कि कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

100% मतदान केंद्रों एवं CAPF आवासन पर मूलभूत सुविधा दुरूस्त करने का निर्देश

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल, शौचालय, रैम्प, साइनेज एवं हेल्प डेस्क की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाये। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी सभी सेक्टर पदाधिकारी अपने क्षेत्राधीन 100% बुथों का, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी 25 % बुथों का और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी 10% बुथों का स्वयं निरीक्षण करेंगे तथा सभी बुथों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने आगे कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर लाइव वेबकास्टिंग की जाएगी, अतः बिजली की व्यवस्था दुरुस्त रखें ताकि किसी भी प्रकार की बाधा न हो।

भेद्यता मानचित्रण, एरिया डामिनेशन एवं विश्वास बहाली पर जोर

बैठक में जिलाधिकारी ने स्वतंत्र निष्पक्ष एवं भय रहित चुनाव संपन्न कराने हेतु भेद्यता मानचित्रण, एरिया डोमिनेशन तथा मतदाताओं में विश्वास बहाली पर अत्यधिक जोर दिया ताकि हर बूथ पर मतदाता भय रहित होकर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान कर सके। उन्होंने कहा कि कोई भी टोला, गांव, बुथ या समुदाय भलनरेबल हो सकता है जिसकी पहचान कर ससमय विधिसम्मत कार्रवाई करना आवश्यक है ताकि मतदान दिवस पर मतदाता बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के स्वतंत्र रूप से मतदान कर सकें।

कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाने हेतु त्वरित अपेक्षित कार्रवाई करने पर बल

जिलाधिकारी ने अवैध शस्त्रों की जब्ती की कार्रवाई में तेजी लाने को कहा।
उन्होंने थानाध्यक्षों से BNSS की धारा 126/129/135 के तहत बांड डाउन, नॉन-बेलेबल वारंट, आदतन अपराधियों के विरुद्ध अपेक्षित कार्रवाई करने एवं सीसीए प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया।

चेक पोस्ट को प्रभावी बनाने, सघन तलाशी लेने का सख्त निर्देश

जिलाधिकारी ने कहा कि चेक पोस्ट को पूरी तरह सक्रिय एवं प्रभावी बनाया जाये तथा प्रत्येक वाहन की सघन तलाशी ली जाये । इस दौरान वाहनों से अवैध रूप से शराब,पैसे, शस्त्र आदि के आवाजाही पर दृढ़ता से रोक लगाई जाएगी ताकि चुनाव की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने जोर दिया कि चुनाव अवधि में शराब का उत्पादन, बिक्री, भंडारण, परिवहन एवं सेवन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए उत्पाद विभाग एवं पुलिस प्रशासन को संयुक्त रूप से अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने चेतावनी दी कि इस विषय में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाये जाने पर जिम्मेदार कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी।

मतदान पूर्व, मतदान के दौरान, मतदान बाद के दायित्व बोध से कराया अवगत

जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के सभी 441 सेक्टर पदाधिकारी को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उन्हें मतदान के पूर्व, मतदान के दौरान तथा मतदान के बाद के कार्य एवं दायित्व का पूरी निष्ठा एवं जवाबदेही से कार्य करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि चुनाव कार्य में ईवीएम की हैंडलिंग केवल पुलिस अभिरक्षा में ही होगी। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि पोल्ड ईवीएम बाजार समिति स्थित स्ट्रांग रूम में तथा अनपोल्ड ईवीएम सिकंदरपुर स्थित वेयरहाउस में जमा किये जाएंगे।
साथ ही, मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से विशेष रूप से महिला मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया।

जिलाधिकारी के प्रमुख निर्देश संक्षेप में

√भारत निर्वाचन आयोग के गाइडलाइन का अक्षरशः पालन करें।

√अनुपस्थित एवं लापरवाह अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

√ सभी कर्मी निष्पक्ष एवं न्यूट्रल होकर आयोग के दिशा निर्देश के अनुसार कार्य करें।

√सभी मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल, शौचालय, रैम्प, हेल्प डेस्क उपलब्ध हों।

√CAPF आवासन स्थल पर मूलभूत सुविधाएं बहाल करें।

√मतदान दिवस पर निर्वाध बिजली व्यवस्था तथा बुथ पर शौकेट दुरुस्त रखें।

√भेद्यता मानचित्रण कर संवेदनशील बुथों पर विशेष ध्यान दें।

√ शेष बचे हुए शस्त्रों का शीघ्र सत्यापन एवं अवैध हथियार जब्ती की कार्रवाई तेज करें।

√शराब पर पूर्ण प्रतिबंध, चेक पोस्ट पर सघन तलाशी।

√ईवीएम का मुवमेंट एवं हैंडलिंग केवल पुलिस अभिरक्षा में होगी।

√मतदाता जागरूकता पर बल, विशेषकर महिला मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित हो।

Join us on: