:- रवि शंकर अमित/गोविंद कुमार
-बाढ़ अनुमंडल में बेलछी प्रखंड के कोरारी गांव में देर रात एक व्यक्ति की चाकू से गोद गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक बिपिन उर्फ टूल्लू महतो घर पर अकेले रहते थे। उनकी दो छोटी-छोटी बच्चियां और एक लड़का है। दोनों छोटे बच्चियों का रो रोकर बुरा हाल है। पत्नी के साथ विवाद के बाद वह उन्हें छोड़कर चली गई थी। तभी से वे अपने बच्चों के साथ घर पर अकेले रहते थे। कल रात काफी देर तक वे ग्रामीणों के साथ घर के बाहर बातचीत करते देखे गए थे। सुबह उनकी बेटी अचानक घर से बाहर दौड़ते हुए निकली। उसने पड़ोस की एक महिला से बताया कि उनके पापा के सर से खून निकल रहा है। सभी ग्रामीण दौड़े दौड़े टूल्लू महतो के घर पर पहुंचे। उनके शरीर पर किसी धारदार हथियार से कई गंभीर जख्म के निशान मौजूद थे। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस को प्राथमिक अनुसंधान में हत्या के कारण का अभी कोई पता नहीं चला है। पुलिस घटनास्थल की जांच में जुटी है। एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुला लिया गया है।