रिपोर्ट- सुमित कुमार!
मुंगेर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां वाहन जांच के दौरान बिना हेलमेट पकड़े गए दो सगे भाइयों ने पुलिस थाने में जमकर हंगामा मचाया। मामला इतना बिगड़ा कि पुलिस पदाधिकारियों से मारपीट तक की नौबत आ गई, जिसमें एक सब-इंस्पेक्टर की हथेली टूट गई और कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
मुफस्सिल थाना परिसर में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बिना हेलमेट और रॉंग साइड से गाड़ी चला रहे दो सगे भाइयों को पुलिस ने रोका। पूछताछ के दौरान दोनों युवक—मोहित कुमार और रोहित कुमार, जो खगड़िया जिले के रहीमपुर पचरूखी गांव के रहने वाले हैं दोनो ने पहले तो फाइन काटने की बात कही, लेकिन बाद में थाने में जमकर हंगामा करने लगे।थाने लाने पर दोनों भाइयों की एक पुलिसकर्मी से बहस हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। मारपीट के दौरान सब-इंस्पेक्टर भोला सिंह को धक्का लगने से उनकी हथेली टूट गई, वहीं थानाध्यक्ष सहित चार अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।
हालात बेकाबू होते देख अन्य पुलिसकर्मियों ने दोनों भाइयों को काबू में लेकर हाजत में बंद कर दिया। इधर, घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।इस पूरी घटना के बाद मुफस्सिल थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें थाने में हंगामा करने, गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाया गया है।
घायल सब इंस्पेक्टर भोला सिंह ने बताया कि हमलोगों ने बस चालान काटने की बात कही थी… लेकिन दोनों युवक बहस करने लगे। समझाने पर उल्टा हमलोगों से ही भिड़ गए और मारपीट करने लगे। उसी दौरान मुझे धक्का लगा और मैं गिर पड़ा जिससे मेरे हाथ की हथेली टूट गई।
फिलहाल दोनों आरोपियों को हाजत में बंद कर दिया गया है और पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुट गई है। सवाल यह है कि क्या अब कानून का पालन कराने वालों को भी खुद की सुरक्षा के लिए सोचना होगा?




