रिपोर्टर — राजीव कुमार झा
मधुबनी कोर्ट परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पैरवी पर पहुंचे बुजुर्ग की संदिग्ध मौत हो गई,परिजनों ने विपक्षी पर लगाया हत्या का आरोप। घटना नगर थाना के कोर्ट परिसर की है।
मृतक की पहचान खजौली थाना क्षेत्र के महेश्वर सिंह के रूप में की गई है। वे भूमि विवाद से जुड़े केस की सुनवाई के लिए कोर्ट आए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महेश्वर सिंह का 2015 से जमीन को लेकर दूसरे पक्ष से विवाद चल रहा था।
परिजनों की माने तो सोमवार को दोनों पक्ष कोर्ट परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान दोनों के बीच कहा सुनी हुई, जो नोकझोंक और हल्की धक्का-मुक्की में बदल गई।
इसी दौरान महेश्वर सिंह गिर पड़े।परिजनों ने विपक्षी पर पीट पीट कर हत्या का आरोप लगाया है। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी भी तरह के चोट का निशान नहीं मिला है। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौतनके वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए दूसरे पक्ष के तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच भी की जा रही है। मृतक के भाई शंभू कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि जब कोर्ट में उनके पक्ष में निर्णय की संभावना दिख रही थी, तभी दूसरे पक्ष बौखला गया और मारपीट करने लगा, जिससे उनकी मौत हुई। कोर्ट परिसर में हुई मौत से न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहा है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।