चौकीदार का आहर में तैरता हुआ मिला शव!

SHARE:

रिपोर्ट: मो. अंजुम आलम

24 सितंबर को चुनाव ड्यूटी में गया था चारण गांव!

चुनाव संपन्न होने के बाद घर लौटने के दौरान हुई हादसा!

मृतक के पुत्र ने हत्या का लगाया आरोप,जांच की मांग!

जमुई: सिकन्दरा थानाक्षेत्र के वरुणा गांव के आहर से शनिवार की रात लगभग 8 बजे जमुई थाना के एक चौकीदार का शव बरामद किया गया। मृतक चौकीदार की पहचान सदर थाना क्षेत्र के खड़सारी गांव निवासी रामदास तांती के रूप में हुई है। मृतक चौकीदार के पुत्र ने बताया कि पंचायत चुनाव को लेकर उनकी ड्यूटी सिकंदरा थाना क्षेत्र के चारण गांव में पड़ी थी। 24 सितंबर को वह अपने पिता को सिकंदरा के चारण गांव चुनावी ड्यूटी पर छोड़कर वापस घर आया था, लेकिन 24 सितंबर की देर शाम जब उनके पिता घर नहीं लौटे तो इसकी सूचना टाउन थानाध्यक्ष चंदन कुमार को भी दी गई थी।खोजबीन भी की जा रही थी। जब शनिवार की रात वरुणा गांव के आहर से शव बरामद हुआ तो वायरल फोटो से उनकी पहचान हुई। स्वजन ने बताया कि वो चुनाव संपन्न होने के बाद अपने घर पैदल आ रहे थे इसी दौरान अज्ञात अपराधियों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है। पुत्र ने भी पिता के हत्या करने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। जानकारी के मुताबिक शनिवार की रात सिकंदरा थाना क्षेत्र के वरुणा गांव से पूरब काला आहर के बने छिलके में जमुई थाना के चौकीदार का तैरते हुए शव पर ग्रामीणों की नजर पड़ी थी।सूचना पाकर थानाध्यक्ष जितेंद्रदेव दीपक दलबल के साथ पहुंचकर खुद पानी से चौकीदार के शव को बाहर निकाला था। ग्रामीणों द्वारा भी हत्या कर शव को आहर में फेंकने की आशंका जताई गई थी।


-शव को भागलपुर भेजने की बात पर धरना पर बैठे स्वजन

चौकीदार रामदास तांती के शव का पोस्टमार्टम खींचा- तानी के बीच आखिरकार रविवार को सदर अस्पताल में ही किया गया। दरअसल चौकीदार के शव को शनिवार की देर रात ही पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया था। शव से बदबू उठने के बाद सदर अस्पताल के डॉक्टर देवेंद्र कुमार द्वारा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम नहीं करने की बात कहते हुए भागलपुर मेडिकल कालेज ले जाने की बात कही गई थी। उसके बाद स्वजन आक्रोशित हो गए और सदर अस्पताल में ही धरना पर बैठ गए। साथ ही शव को भागलपुर ले जाने से इनकार कर दिया।सूचना के बाद मौके पर पहुंचे सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डा. सैयद नौशाद अहमद द्वारा समझा बुझा कर आक्रोशित लोगों को शांत कराया गया। फिर उनके निगरानी में डा. संजीव कुमार द्वारा पोस्टमार्टम कर शव को स्वजन के हवाले कर दिया गया।

-चौकीदार की मौत के बाद स्वजन में मचा कोहराम

घटना की सूचना के बाद मृतक चौकीदार की पत्नी, पुत्र सहित पूरा परिवार सदर अस्पताल पहुंच गए। शव को देख स्वजन में कोहराम मच गया। पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल हो रहा था। स्वजन के चीख-चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन बना रहा।

एसडीपीओ ने बताया कि
शव की पहचान होने के बाद पुलिस द्वारा घटना की जांच-पड़ताल की जा रही है। घटना के सभी बिंदुओं पर अनुसंधान किया जा रहा है। फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना में संलिप्त सभी आरोपितों की जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।

Join us on:

Leave a Comment