:- रवि शंकर अमित!
बिहार में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के लिए नीतीश कुमार जिम्मेदार हैं, उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए- मनोज भारती, प्रदेश अध्यक्ष
पटना। जन सुराज पार्टी ने आज पटना स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के लिए नीतीश कुमार को जिम्मेदार ठहराया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। राज्य में न महिलाएं, न छात्राएं, न बुजुर्ग और न ही मजदूर सुरक्षित हैं। सरकार पूरी तरह से विफल साबित हो रही है। मुख्यमंत्री को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।
मनोज भारती ने नालंदा जिले में 35 वर्षीय व्यक्ति की हत्या, आरा में 18 वर्षीय लड़की के साथ बलात्कार, राजगीर में युवती के साथ बलात्कार, दरभंगा में एक शिक्षक की गोली मारकर हत्या आदि कई हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अगले कुछ महीनों में बिहार में चुनाव हैं और जब अभी से कानून व्यवस्था पर सरकार का नियंत्रण नहीं है तो चुनाव के समय क्या होगा।
इसके साथ ही मनोज भारती ने विपक्षी दलों पर भी हमला बोला और कहा कि बिहार में विपक्ष है ही नहीं। विपक्ष का कम जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार से सवाल करना होता है। लेकिन यहां विपक्ष बस इस इंतजार में है कि नीतीश कुमार एक बार फिर से पलट कर हमारे साथ आ जाएं और हम सरकार बना सकें।
पूर्व विधान पार्षद रामबली चंद्रवंशी ने कहा कि नीतीश कुमार मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं हैं। अगर वे मुख्यमंत्री रहते हुए जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी नहीं ले सकते तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के प्रदेश महासचिव सरवर अली भी मौजूद थे।




