रिपोर्ट -अमित कुमार
*जागरूकता अभियान के तहत आज निकाली गई प्रभात फेरी*
समस्तीपुर मंडल द्वारा 22 मई से 5 जून 2025 तक “विश्व पर्यावरण दिवस” के उपलक्ष्य में बहु-आयामी अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना और रेलवे परिसरों को स्वच्छ, हरित एवं टिकाऊ बनाना है।
इसी क्रम में आज लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंडल रेल कार्यालय से एक प्रभात फेरी निकाली गई जिसमें मंडल रेल प्रबंधक श्री विनय श्रीवास्तव सहित सभी शाखाधिकारियों तथा कर्मचारियों ने भाग लिया।
इसका उद्देश्य प्लास्टिक कचरे से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के प्रति लोगों में जन जागरूकता फैलाना था।
विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के अवसर पर मंडल कार्यालय में एक शपथ समारोह का भी आयोजन किया गया जिसमें मंडल रेल प्रबंधक द्वारा पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं इसके लिए सतत प्रयासरत रहने के लिए सभी अधिकारीगण एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाई गयी।
इस अवसर पर सभी उपस्थितों ने एकजुट होकर पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझा और इसे एक जन आंदोलन का रूप देने का संकल्प लिया।
22 मई से 5 जून तक चल रहे इस अभियान के दौरान कई तरह की गतिविधियां चलाई जाएंगी। जिनका विवरण निम्न है:-
प्रमुख गतिविधियाँ:
22-24 मई 2025:
जागरूकता अभियान का शुभारंभ स्टेशन परिसरों एवं मरेप्र कार्यालय में।
प्लास्टिक कचरे की निगरानी एवं निस्तारण।
सोशल मीडिया पर जनभागीदारी बढ़ाने हेतु अभियान।
रेलवे कर्मचारियों के लिए कार्यशालाएं एवं “वेस्ट टू आर्ट” प्रतियोगिता।
25-27 मई 2025:
स्टेशन परिसरों में स्वच्छता अभियान एवं जन जागरूकता रैलियाँ।
पर्यावरण अनुकूल बर्तनों के उपयोग को बढ़ावा।
यात्रियों को स्वयं के पानी की बोतल लाने हेतु प्रेरित करना।
28-30 मई 2025:
प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों की समीक्षा।
विक्रेताओं द्वारा सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर प्रतिबंध की निगरानी।
नुक्कड़ नाटक एवं विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम।
31 मई – 2 जून 2025:
रेलवे कॉलोनियों एवं पार्कों की सफाई व हरियाली बनाए रखने हेतु अभियान।
‘एक स्टेशन एक उत्पाद’ योजना के तहत बाँस के ब्रश, नीम की कंघी जैसे इको-फ्रेंडली उत्पादों को बढ़ावा।
चित्रकला, निबंध, एवं क्विज प्रतियोगिताएँ।
3-4 जून 2025:
जल संरक्षण हेतु वर्षा जल संचयन एवं जल पुनर्चक्रण प्रयास।
रेलवे परिसरों के आसपास जलाशयों की सफाई।
स्कूलों में प्लास्टिक व जल प्रदूषण पर जागरूकता सत्र।
5 जून 2025 (विश्व पर्यावरण दिवस):
समस्तीपुर मंडल में भव्य समापन समारोह।
अब तक की गतिविधियों की प्रदर्शनी, रिपोर्ट विमोचन एवं उत्कृष्ट योगदानकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।
स्काउट्स, NCC एवं स्थानीय समूहों के सहयोग से जागरूकता अभियान।
समस्तीपुर मंडल सभी नागरिकों से अपील करता है कि वे इस अभियान में भाग लें और प्लास्टिक कचरे को कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करें।




