रिपोर्ट- अमित कुमार!
बिहार में कानून व्यवस्था पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक बार फिर नीतीश कुमार सरकार पर तीखा हमला बोला है। राजधानी पटना में तीन लोगों को गोली मारे जाने की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी ने कहा, “जो सरकार चूहे नहीं पकड़ पा रही, वो अपराधियों को क्या पकड़ेगी?”
तेजस्वी यादव ने दावा किया कि बिहार में अपराधियों का बोलबाला है और पुलिस की गुंडागर्दी चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस निर्दोष लोगों को थाने में पीट रही है, महिलाओं के साथ भी अत्याचार हो रहा है, और सरकार पूरी तरह संवेदनहीन हो चुकी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री अचेत अवस्था में हैं, राज्य की कोई सुध लेने वाला नहीं है।”
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे को भी उन्होंने बहस की खुली चुनौती दी और कहा कि अगर वे डिबेट चाहते हैं तो मंच तय करें, वे तैयार हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि विधानसभा जैसे लोकतांत्रिक मंच पर मंत्री चुप रहते हैं।
युवाओं और छात्रों पर हो रही पुलिसिया कार्रवाई को लेकर भी तेजस्वी ने सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि नौकरी और परीक्षा को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों की पिटाई की जा रही है, जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
बाइट:- तेजस्वी यादव, नेता प्रतिपक्ष




