रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय/खगड़िया
खगड़िया, बिहार: जिले में 20 सूत्री कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा हेतु सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के माननीय प्रभारी मंत्री श्री महेश्वर हजारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिला पदाधिकारी श्री अमित कुमार पांडेय एवं उप विकास आयुक्त ने जिले में चल रही योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा विभागवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
प्रभारी मंत्री श्री हजारी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है, जिससे आमजन को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति समयबद्ध ढंग से करें तथा योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। मंत्री महोदय ने सभी विभागों के समन्वय से बेहतर कार्य निष्पादन पर जोर दिया। बैठक में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अपने सुझाव एवं अनुभव साझा किए।
यह बैठक जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय और पारदर्शी प्रशासन की दिशा में एक अहम कदम रही।




