:- रवि शंकर अमित!
नवादा में एनडीए का दिखा चट्टानी एकता, एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में घटक दलों के अध्यक्षों ने कहा ‘विकसित बिहार NDA सरकार की प्राथमिकता’
संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को सभी अध्यक्षों ने दिया एकजुटता का संदेश
कार्यकर्ताओं का यह समागम बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा: डॉ. दिलीप जायसवाल
भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने लालू परिवार पर किया कटाक्ष, ‘सामाजिक न्याय की बात करने वाले परिवार कल्याण से आगे नहीं सोचा’
देश की संस्कृति और विरासत को एनडीए दे रही नई पहचान: डॉ. दिलीप जायसवाल
बिहार में विपक्ष भाजपा का विरोध करते-करते सनातन का विरोध करने लगे हैं: डॉ. दिलीप जायसवाल
डॉ. जायसवाल का विश्वास, फिर बनेगी एनडीए की सरकार और बिहार का विकास अनवरत होता रहेगा
राजद काल को बिहार की जनता कभी भूल नहीं सकती: उमेश सिंह कुशवाहा
यह सम्मेलन एनडीए की एकजुटता का संदेश: राजू तिवारी
2025 चुनाव के परिणाम का ट्रेलर सभी जिलों में दिख रहा: अनिल सिंह
225 से अधिक सीटें जीतकर बिहार को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया जाएगा: मदन चौधरी
पटना, 17 फरवरी। एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के चौथे चरण में आज एनडीए घटक दलों के अध्यक्ष नवादा पहुंचे। नवादा के इस सम्मेलन में घटक दलों के सभी प्रदेश अध्यक्षों ने कार्यकर्ताओं को एकजुटता की बात करते हुए कहा कि बिहार अब विकसित बिहार बनने की राह पर चल पड़ा है। कार्यकर्ताओं ने 225 सीटों पर जीत दर्ज कराने का भरोसा दिलाया।
इस एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का उद्घाटन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल के अलावा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, लोजपा (आर) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह, रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान सभी ने कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने की अपील की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के राजस्व और भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने आज कहा कि अभी तक जितने भी जिलों में कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित किया गया है, वह सफल रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का यह कार्यकर्ता सम्मेलन भले ही सम्मेलन दिख रहा हो, लेकिन सही अर्थों में कार्यकर्ताओं का यह जुटान बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का एलान है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मानसिकता साफ परिलक्षित कर रही है कि आने वाले चुनाव में एनडीए की सरकार बनेगी और फिर बिहार का विकास अनवरत चलता रहेगा।
उन्होंने कहा कि आज प्रयाग में महाकुंभ की उत्तम व्यवस्था हो या अयोध्या में भव्य राममंदिर का निर्माण, नालंदा में नालंदा विश्वविद्यालय की स्थापना हो, देश की विरासत को नई पहचान मिल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नए राष्ट्र निर्माण का अर्थ भी यही है कि हम अपनी संस्कृति और विरासत को सम्मान दें। विकास में इन सभी चीजों को आगे बढ़ाना है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने विरोधियों का नाम लिए बिना निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा का विरोध करते-करते वे अब सनातन का विरोध करने लगे हैं। आज महाकुंभ में देश और विदेश के 50 करोड़ से ज्यादा लोग पवित्र स्नान कर चुके हैं, लेकिन कुछ नेताओं को यह रास नहीं आ रहा है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें वसुधैव कुटुम्बकम नहीं, अपने परिवार से मतलब है। वे भले सामाजिक न्याय की बात करते हों, लेकिन कार्य अपने परिवार का कल्याण का ही करते हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि फिर बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी और विकास अनवरत होता रहेगा।
सम्मेलन में आए एनडीए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि राजद काल को बिहार की जनता कभी भूल नहीं सकती। 2005 में बिहार की जनता ने भ्रष्टाचार, कुशासन, अराजकता से तंग आकर एनडीए को चुना था। इसके बाद लगातार बिहार की जनता नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनाते आ रही है। जिस सुशासन का सपना यहां के लोगों ने देखा था, एनडीए ने उसे पूरा कर के दिखाया है। अब बिहार की जनता कभी राजद को सत्ता में नहीं आने देगी।
लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि विपक्ष भले ही जो भ्रम फैलाने की कोशिश कर ले, लेकिन एनडीए एकजुट है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सम्मेलन इसी का संदेश है कि हम सभी एक हैं। कार्यकर्ताओं का बूथ स्तर पर भी यह एकजुटता दिखनी चाहिए।
हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता चुनाव को लेकर तैयार हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए कार्यकर्ताओं का यह उत्साह अभी तो मात्र ट्रेलर है, अभी चुनाव के बाद पूरी फिल्म देखने को मिलेगी जब चुनाव परिणाम के बाद एनडीए की जीत इसी एकजुटता के साथ मनाई जाएगी।
रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को उत्साहित करते हुए कहा कि इस साल होने वाले चुनाव में हमारा लक्ष्य भले ही 225 सीट हो, लेकिन तय है कि हम इससे ज्यादा सीट लेकर आएंगे और मोदी और नीतीश के देश को विकसित और बिहार को आत्मनिर्भर बनाने के सपने को पूरा करेंगे।