रिपोर्ट- आशीष कुमार!
बिहारशरीफ : बिहारशरीफ से भाजपा विधायक डॉ. सुनील कुमार ने बुधवार को एक प्रेस वार्ता में नालंदा जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में हिंदू पर्वों को लेकर प्रशासन की तरफ से उत्पीड़न की कोशिश की जा रही है, जिसका उद्देश्य हिंदू समुदाय को उनके धार्मिक उत्सवों से वंचित करना है। उन्होंने विशेष रूप से गणेश पूजा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रशासन ने शोभायात्रा निकालने से रोकने का प्रयास किया था, लेकिन उनके हस्तक्षेप के बाद ही यह संभव हो सका। डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि गणेश पूजा के दौरान शोभायात्रा निकालने से रोकने का प्रयास किया गया। जब मुझे इस बारे में सूचना मिली, तब मैंने कलेक्टर और एसपी से बात की, जिसके बाद शोभायात्रा की अनुमति मिली। हालांकि, इस दौरान भी सोहसराय के थाना प्रभारी द्वारा पूजा आयोजकों के साथ दुर्व्यवहार किया गया।
नागरिकों को थानेदारों से होना पड़ता है परेशान
विधायक ने यह भी बताया कि उन्होंने प्रशासन से लाइसेंस प्रक्रिया को बदलने की अपील की थी। उनके अनुसार, मौजूदा प्रक्रिया के तहत नागरिकों को थानेदारों से परेशान होना पड़ता है, जो “सोशल पुलिसिंग” के महत्व को नहीं समझते और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं।
थानेदार पंडालों में जाकर लोगों को धमका रहे है।
डॉ. कुमार ने आगे कहा कि नवरात्रि के आयोजन के दौरान भी पुलिस द्वारा पंडाल निर्माण में बाधा डाली जा रही है। उन्होंने बताया कि थानेदार पंडालों में जाकर लोगों को धमका रहे हैं। यह कहा जा रहा है कि बांस ऐसे क्यों लगाए, इसे हटाओ नहीं तो जेल भेज देंगे। पूजा अभी शुरू भी नहीं हुई है और प्रशासन की तरफ से इस तरह की धमकियां दी जा रही हैं। सिलाव क्षेत्र की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एक परिवार जो वर्षों से अपने घर में मूर्ति स्थापित करता आ रहा है, उन्हें लाइसेंस के लिए 20 आधार कार्ड जमा करने को कहा गया, जबकि उनके परिवार में केवल पांच सदस्य हैं। डॉ. कुमार ने इसे अनुचित ठहराते हुए जिला प्रशासन पर नियमों को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया। विधायक ने प्रेस के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया कि हिंदू समाज निर्भीक होकर अपने त्योहार मनाए, क्योंकि उनका विधायक उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार या प्रशासन का कोई नया निर्देश है कि नालंदा जिले में हिंदुओं को प्रताड़ित करना है, तो मुझे भी बताया जाए। मैंने इस संबंध में बिहार के मुख्यमंत्री को भी मेल के द्वारा जानकारी दी है। डॉ. सुनील कुमार ने चेतावनी दी कि इस तरह की स्थिति को वे बर्दाश्त नहीं करेंगे और हिंदू समुदाय को डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे तो पूजा नहीं होगी। अगर प्रशासन कहता है कि घर में बंद करके पूजा करो, तो यह तरीका बिल्कुल गलत है। मैं यहां के हिंदुओं से कहना चाहता हूं कि वे निर्भीक होकर अपने पर्व मनाएं। आपका विधायक आपके साथ है। यह प्रेस वार्ता नालंदा जिला प्रशासन के रवैये पर गंभीर सवाल खड़ा करती है और देखना होगा कि आने वाले दिनों में प्रशासन इस पर क्या रुख अपनाता है।




