रिपोर्ट- अमित कुमार
बिहार में डीजीपी के निर्देशों के बाद से अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियानों का असर राजधानी पटना सहित पूरे राज्य में दिखने लगा है। हाल के दिनों में पटना पुलिस ने कई महत्वपूर्ण मामलों का उद्भेदन किया है। ताजा मामला पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर टर्मिनल का है, जहां मंगलवार को चलाए गए एक अभियान के तहत ऑटो लिफ्टर गैंग के दो सदस्यों को पुलिस ने मौके पर ही धर दबोचा।
गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उनके निशानदेही पर दो अन्य गैंग के सदस्यों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी किए गए 24 मोबाइल फोन, हजारों रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त टेंपो को बरामद किया है।
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए एसीपी सदर स्वीटी सहरावत ने बताया कि हाल के दिनों में ऑटो लिफ्टर गैंग का आतंक पत्रकार नगर, कंकड़बाग, चित्रगुप्त नगर, और जक्कनपुर थाना क्षेत्र में देखा गया था। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश के तहत रॉकेट अभियान और सघन जांच अभियान चलाते हुए गैंग के सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल, इनसे पूछताछ के दौरान गैंग के अन्य सदस्यों की जानकारी भी मिली है, जिनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।




