रिपोर्ट- विक्रम कुमार!
खगड़ियावासियों के लिए एक नई खुशखबरी है। लगभग दो दशकों से खगड़िया के लोगों की जो मांग थी। वह खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के नए सांसद राजेश वर्मा के प्रयास से आखिरकार पूरी हुई। खगड़िया में राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग को लेकर सांसद राजेश वर्मा की सक्रियता रंग लाई है। माननीय केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने इस महत्वपूर्ण मांग को स्वीकृति देते हुए खगड़ियावासियों को एक बड़ी सौगात दी है। केन्दीय रेल मंत्री के द्वारा खगड़िया के मानसी रेलवे स्टेशन पर 12423- डिब्रूगढ़- नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव को स्वीकृति दे दी है। जिसको लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए सांसद राजेश वर्मा ने केंद्रीय रेल मंत्री के प्रति अपना आभार जताया। आपको बता दें कि सांसद राजेश वर्मा ने शपथ ग्रहण के पश्चात ही विगत 27 जून को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की थी। इस मुलाकात में उन्होंने राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव के साथ-साथ अन्य रेल संबंधी मांगों को रखा था। बैठक के दौरान रेल मंत्री ने उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल किए जाने का आश्वासन दिया था। इस संबंध में सांसद राजेश वर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स के माध्यम से जनता को जानकारी भी दी थी। राजधानी के ठहराव की खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि यह मेरे लिए अत्यंत हर्ष का विषय है कि खगड़ियावासियों के लंबे समय का इंतज़ार पूरा हुआ। आखिरकार मानसी स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव की स्वीकृत मिल गई। इसको लेकर मेरा प्रयास सफल हुआ। मैंने कुछ दिनों पूर्व ही केंद्रीय रेल मंत्री आदरणीय अश्विनी वैष्णव जी के समक्ष इस मांग को रखते हुए उन्हें क्षेत्र की जनभावनाओं से अवगत कराया था। मुझे खुशी है कि हमारी मेहनत और जनता की आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए इस मांग को स्वीकार किया गया है। सांसद वर्मा ने आगे कहा कि मैं खगड़ियावासियों की ओर से माननीय केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूँ। उनके द्वारा लिए गए इस निर्णय से न केवल खगड़ियावासियों को सुविधा होगी, बल्कि इससे क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इससे खगड़ियावासियों को दिल्ली जाने के लिए बेहतर और सुलभ साधन प्राप्त होगा। खगड़ियावासियों की यह लंबे समय से माँग रही थी। यह निर्णय क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस खबर से खगड़ियावासियों में खुशी की लहर है। राजधानी के ठहराव से खगड़िया से दिल्ली का सफर अब और भी सुविधाजनक हो जाएगा। क्षेत्र के लोगों को अब राजधानी एक्सप्रेस की तेज और विश्वसनीय सेवाओं का लाभ मिलेगा, जिससे वे आसानी से दिल्ली पहुँच सकेंगे। यह ठहराव न केवल खगड़ियावासियों के लिए बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।




