कैमूर/भभुआ(ब्रजेश दुबे):
कैमूर। सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक ललित मोहन शर्मा का संयुक्त अध्यक्षता में आगामी ईद पर्व एवं रामनवमी से संबंधित शांति समिति की बैठक आयोजित की। जिसमें शांति समिति के सदस्य, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, सभी थानाध्यक्ष सम्मिलित हुए। उक्त बैठक में निम्नांकित बिंदुओं पर चर्चा हुई। बैठक में बताया गया कि ईद का त्यौहार चांद के दृष्टिगोचर होने के अनुसार दिनांक 10 अप्रै या 11 अप्रैल को मनाए जाने की संभावना है। इस दिन सुबह लोग मस्जिदों एवं ईदगाहों में जाकर ईद की नमाज अदा करते हैं। बैठक में ईद एवं रामनवमी के अवसर पर सजग एवं सचेष्ट रहकर सतत निगरानी रखते हुए शांति एवं विधि व्यवस्था का संधारण किया जाना अपेक्षित है। बैठक में ईद पर्व के अवसर पर अनवरत विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल ,भभुआ को निर्देशित किया गया। बैठक में निर्देश दिया गया कि कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी भभुआ, मोहनिया एवं भभुआ शहर तथा वैसे सभी प्रखंडों में अधिष्ठापित पेयजल आपूर्ति प्रतिष्ठानों जलमीनारों की स्वच्छता एवं परिचालन की अनवरत व्यवस्था अपने स्तर से करेंगे। बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि रामनवमी के अवसर पर डीजे पूर्णत प्रतिबंधित रहेगा। जिला शांति समिति के सदस्य एवं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी,अंचलाधिकारी, थाना अध्यक्ष अपने क्षेत्र अंतर्गत सतत भ्रमणशील रहते हुए विधि व्यवस्था संधारण हेतु आवश्यक कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में अपर समाहर्ता,अनुमंडल पदाधिकारी भभुआ एवं मोहनिया, जिला शांति समिति केसदस्य, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी भभुआ, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी व सभी थाना अध्यक्ष इत्यादि लोग मौजूद थे।