रिपोर्ट- संतोष तिवारी!
ठगी की शिकार महिला की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दबोचा
डिलीवरी ब्वॉय बनकर खाते से रुपये उड़ाने वाले तीन गिरफ्तार
बिहार/मुजफ्फरपुर
मुजफ्फरपुर के मोतीपुर के बेहुमा चक गांव निवासी इंदू देवी के लोन एकाउंट से 75 हजार रुपये की ठगी में एक ई-कॉमर्स कंपनी के डिलीवरी ब्वॉय समेत तीन शातिरों को गिरफ्तार किया गया है। कांड का मास्टरमाइंड व गिरोह का सरगना प्रशांत किशोर एक स्मॉल फाइनेंस कंपनी की बोचहां शाखा में कैशियर के पद पर कार्यरत था। यह गिरोह लोन उठाने वाली महिलाओं को फर्जी ढंग से ई-कॉमर्स कंपनी से सामान आने का झांसा देता था। सामान डिलीवरी के लिए गैंग का शातिर पहुंचता था। जब सामान किसी अन्य का होने की बात पीड़ित बताते थे तो ऑर्डर कैंसिल करने के लिए शातिर उनका मोबाइल ले लेता था। इसके बाद मोबाइल को हैक करके उनके लोन खाते से रुपये उड़ा लेता था। साइबर फ्रॉड के इस नए तरीके का खुलासा साइबर डीएसपी सीमा देवी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने किया है। इसकी जानकारी देते हुए एसएसपी राकेश कुमार ने बताया कि बीते 28 मार्च को इंदू ने साइबर थाने में केस किया था। उसने बताया था कि उसने एक स्मॉल फाइनेंस कंपनी से एक लाख का लोन लिया था। बीमा राशि काटकर 96 हजार 756 रुपये खाते में आये थे। 26 मार्च को एक नंबर से साड़ी के पार्सल को लेकर कॉल आई। इंदू ने कहा कि उसने नहीं मंगाई है। तब कॉल करने वाले ने कहा कि ऑर्डर कैंसिल करना होगा। इसके बाद इंदू के घर पहुंचे डिलीवरी ब्वॉय ने ऑर्डर कैंसिल करने के लिए उसका मोबाइल ले लिया। कोई एप डाउनलोड कर उसका मोबाइल हैक कर उसके खाते से 75 हजार रुपये उड़ा लिए। एसएसपी ने बताया कि डिलीवरी ब्वॉय के मोबाइल नंबर और जिस खाते में रुपये भेजे गए थे उसके धारक की जांच की गई। इसके बाद इस गैंग का खुलासा हुआ। इसमें मास्टर माइंड प्रशांत किशोर एक स्मॉल फाइनेंस कंपनी की बोहचां शाखा में कैशियर है। मामले में डिलीवरी ब्वॉय सिवाईपट्टी के रामनगर के अविनाश कुमार व चंदन कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। दो मोबाइल, 30 हजार कैश और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। गिरोह ने अब तक तीन को शिकार बनाया है।
बाइट:- राकेश कुमार एसएसपी मुजफ्फरपुर




