रिपोर्ट:-निभाष मोदी!

चकनिजाम में भाजपा-संघ गिरोह के उकसावे पर किया गया मॉब लिंचिंग!
भागलपुर। समस्तीपुर के आधारपुर पंचायत के चकनिजाम में 21 जून को अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ बर्बर हमला, भीड़ हत्या, आगजनी, लूटपाट, महिलाओं के साथ सारी हदों को पार कर देने वाली बर्बरता के खिलाफ़ आज स्थानीय सुरखीकल में भाकपा-माले, इंसाफ मंच व ऐपवा ने विरोध प्रदर्शन किया गया। भाजपा – आरएसएस व हिन्दू पुत्र संगठन के उकसावे पर पुलिस की उपस्थिति में अंजाम दिए गए इस बर्बरता के खिलाफ आहूत राज्यव्यापी विरोध दिवस पर भाकपा-माले, इंसाफ मंच व ऐपवा के कार्यकर्ता स्थानीय सुरखीकल स्थित यूनियन कार्यालय में जुटे और झंडे – बैनर व मांग पट्टिकाओं के साथ नारे लगाते हुए तिलकामांझी – खंजरपुर मार्ग पर पहुँच आक्रोश पूर्ण प्रदर्शन किया और साथ ही बिहार के मुख्यमंत्री का पुतला भी दहन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाकपा-माले के जिला सचिव बिन्देश्वरी मंडल, इंसाफ मंच के जिला अध्यक्ष मुकेश मुक्त व ऐपवा की जिला सचिव रेणु देवी ने की।

पुलिस की मौजूदगी में भाजपा-आरएसएस व हिन्दू पुत्र संगठन के इशारे पर अंजाम दिए गए इस जघन्य भीड़ हिंसा कांड की तीखी निंदा करते हुए नेतृत्वकारियों ने मौके पर कहा कि स्थानीय वार्ड सदस्य श्रवण यादव की हत्या का आरोप वार्ड पार्षद व उपमुखिया मो. हसनैन पर लगा था। भाजपा - आरएसएस व हिंदु पुत्र नामक संगठन से जुड़े लोगों ने श्रवण यादव की हत्या के खिलाफ भीड़ को अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ हिंसा के लिए उकसाया। उसके बाद भीड़ ने पुलिस की मौजदूगी में मो. हसनैन समेत उनके दोनों भाई नूर मोहम्मद व नूर आलम के घर पर हमला बोल दिया। कॉमरेडों ने भाकपा-माले विधायकों की जांच रपट के आधार पर बताया कि भीड़ ने मो. हसनैन की 35 वर्षीय शिक्षिका पत्नी सनावर खातून को घसीटते व मारते-पीटते घर से बाहर निकाला। उनकी दो बेटियों चाहत परवीन व इबरत परवीन, बड़े भाई 60 वर्षीय नूर आलम, मो. हसनैन के भतीजे व नूर आलम के लड़के मो. अनवर को दौड़ा-दौड़ा कर पीटना शुरू किया। इन पांच लोगों को भीड़ पीटते हुए श्रवण यादव के घर के पास ले गई और वहीं पर पूरी भीड़ के सामने सनवर खातून के शरीर के सारे कपड़े उतार डाले, सर का बाल नोच लिया और बेहद क्रूरता से पीटते हुए उनके गुप्तांग में राॅड डालकर उनकी हत्या कर दी। भीड़ ने मो. अनवर की भी पीट-पीट कर हत्या कर दी। सबसे दुर्भाग्यूपर्ण यह कि यह सबकुछ पुलिस की मौजदूगी में हुआ। इस वीभत्स कांड में अभी तक किसी भी अपराधी की गिरफ्तारी नहीं किया जाना बेहद आश्चर्यजनक है। आज का राज्यव्यापी प्रतिवाद मांग करता है कि –
समस्तीपुर में अल्पसंख्यकों के खिलाफ भीड़ हिंसा उकसाने वाले आरएसएस – भाजपा व हिंदु पुत्र के लोगों को गिरफ्तार करो!
भीड़ हिंसा को छूट देने वाले स्थानीय थाना प्रभारी को बर्खास्त करो!
महिलाओं को सरेआम नंगा कर बर्बरता से जान मार देने की शर्मनाक घटना पर नीतीश कुमार चुप क्यों, डीएम व एसपी पर कार्रवाई करो!
समस्तीपुर के चकनिजाम के पीड़ित अल्पसंख्यक परिवार और खासकर लड़कियों की सुरक्षा की गारंटी करो, न्याय दो! विरोध प्रदर्शन में भाकपा-माले के जिला सचिव बिन्देश्वरी मंडल, नगर प्रभारी सह इंसाफ मंच के जिला अध्यक्ष मुकेश मुक्त, ऐपवा के जिला सचिव रेणु देवी, अमर कुमार, मनोज कृष्ण सहाय, बुधनी उरांव, अजहर कलीम, पूनम देवी, दीपक कुमार, सजनी देवी, यूसुफ, लूटन तांती, मो. रुस्तम, प्रमोद ठाकुर, झुना देवी, सुशीला देवी, सुनैना देवी, करुणा देवी, मनको देवी, शान्ति देवी, मो. कलीम, बरुण मंडल आदि शामिल हुए।




