पंकज कुमार जहानाबाद।
लोकरत्न, युगपुरूष, प्रखर समाजवादी लोकरत्न पूर्व केन्द्रीय मंत्री बहुमुखी प्रतिभा के धनी माननीय स्व0 उपेन्द्र नाथ वर्मा जी की 12वीं पुण्य तिथि के अवसर पर आज दिनांक- 28 अगस्त, 2023 को मखदुमपुर प्रखंड अंतर्गत झमन विगहा में राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। राजकीय समारोह का आयोजन भजन कृतन के साथ किया गया। माननीय मंत्री अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति, कल्याण विभाग, बिहार, पटना सह प्रभारी मंत्री रत्नेश सदा, माननीय सांसद चंदेश्वर प्रसाद, माननीय पूर्व मंत्री, खाद्य एवं आपूर्ति, बिहार सरकार सह माननीय सदस्य बिहार विधानसभा कुर्था तथा स्व0 उपेन्द्र नाथ वर्मा के सुपुत्र बागी कुमार वर्मा, माननीय सदस्य विधान सभा, जहानाबाद क्षेत्र कुमार कृष्ण मोहन उर्फ सुदय यादव, माननीय सदस्य विधान सभा मखदुमपुर क्षेत्र सतीश कुमार,
प्रभावती देवी मांझी सदस्य राज्य महिला आयोग, जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक दीपक रंजन तथा अन्य माननीय जन प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों द्वारा स्व0 उपेन्द्र नाथ वर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
माननीय पूर्व मंत्री सह माननीय सदस्य बिहार विधानसभा कुर्था
तथा स्व0 उपेन्द्र नाथ वर्मा जी के सुपुत्र श्री बागी कुमार वर्मा ने स्व0 उपेन्द्र नाथ वर्मा जी के कार्यों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने समाज को एक नई दिशा दी। उन्होंने नयी पीढी के लोगों को इनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए समाज के प्रति समर्पण भाव से काम करने की बात कही।
माननीय मंत्री अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति, कल्याण विभाग, बिहार, पटना सह प्रभारी मंत्री रत्नेश सदा ने स्व0 वर्मा को याद करते हुए कहा कि उन्होंने विभिन्न पदों पर कार्य रहते हुए समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ किया। इस क्रम में माननीयगणों द्वारा झमन विगहा के लोगों को सौभाग्यशाली मानते हुए इस धरती पर जन्म लेने वाले स्व0 वर्मा जैसे देशभक्त, समाजवादी नेता को शत शत नमन किया गया। इस अवसर पर प्रभावती देवी मांझी सदस्य राज्य महिला आयोग,बिहार द्वारा स्वर्गीय श्री वर्मा के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि स्व0 उपेन्द्र नाथ वर्मा जी जैसे महान नेता, बिहार के विकास में साथ देने वाले एवं उपेक्षितों तथा गरीबों के हित के लिए काम करने वाले लोकरत्न को श्रद्धा सुमन अर्पित करते है। ऐसे हीं कर्तव्यनिष्ठ महापुरूष के बल पर हमारा देश, हमारा बिहार विकास की ओर अग्रसर है। स्व0 उपेन्द्र नाथ वर्मा जी की पुण्य तिथि के अवसर पर जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय द्वारा अपने संबोधन में उनके महानता के बारे में उपस्थित लोगों को अवगत कराया गया। समारोह में जिला पदाधिकारी ने बताया कि स्व0 वर्मा द्वारा समाज सुधारक, सफल राजनीतिक, कुशल प्रशासक, शिक्षा राज्य मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री के निर्भीक पहरेदार के रूप में हमारे राज्य एवं देश के हित में कार्य किया गया। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अविस्मरणीय योगदान देकर जिले में 22 उच्च विद्यालय एवं दो महाविद्यालय की स्थापना की। एक सहायक शिक्षक के पद पर नियुक्ति से लेकर राज्य एवं केंद्र सरकार में मंत्री पद पर रहकर आम जनता का प्रतिनिधित्व कर तथा आम जनता के लिए कार्य कर उनके व्यक्तित्व और बृहत्काय उपलब्धि को परिलक्षित करता है। हमें उनके जीवन से सीख लेकर और उसका अपने जीवन में अनुसरण कर विकास की ओर अग्रसर होने को प्रेरित करता है।
उक्त अवसर पर संगीत टीम के सदस्यों द्वारा निर्गुण भजन की प्रस्तुति की गई। इस अवसर पर धन्यवाद ज्ञापन अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार ने किया।
इस राजकीय समारोह में अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार, प्रभारी पदाधिकारी जिला सामान्य शाखा , जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी मखदुमपुर, अंचल अधिकारी मखदुमपुर,सहित अन्य जन प्रतिनिधिगण एवं गणमान्य अतिथियों द्वारा स्व0 उपेन्द्र नाथ वर्मा को याद करते हुए समाजवादी नेता तथा गरीबों के हित में कार्य करने वाले व्यक्तित्व के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किया गया।




