कैमूर/भभुआ(ब्रजेश दुबे):
मंगलवार को जिला पदाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक ललित मोहन शर्मा की अध्यक्षता में लोक शिकायत निवारण अधिनियम अंतर्गत गृह विभाग से संबंधित पारित आदेश एवं अनुपालन की स्थिति की समीक्षा की गई और निम्नवत दिशा निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा लोक शिकायत निवारण अधिनियम अंतर्गत राजस्व, गृह, पुलिस विभाग से संबंधित मामलों में लोक शिकायत निवारण पदाधिकारियों को लोक प्राधिकार द्वारा उपलब्ध कराए गए जांच प्रतिवेदन की गुणवत्ता की समीक्षा के उपरांत ही आदेश पारित करने हेतु निर्देशित किया। जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा प्रत्येक शनिवार को थाना स्तर पर भूमि-विवाद से संबंधित जनता दरबार में आए सभी मामलों को रजिस्टर में संधारित कर प्रत्येक सप्ताह प्रतिवेदन उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया।
- भूमि विवाद को निष्पादित करने का दिया निर्देश
जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा सभी राजस्व कर्मचारियों,अंचल निरीक्षकों एवं अंचलाधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण करते हुए भू-विवाद संबंधी मामलों की जानकारी प्राप्त कर संवेदनशीलता के आधार पर नियमानुसार निष्पादित करने हेतु निर्देशित किया गया। जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि भू-विवाद, शांति भंग से संबंधित लोक शिकायत में थानाध्यक्ष एवं अंचलाधिकारी दोनों के संयुक्त जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के उपरांत ही मामले का निष्पादन किया जाए। जिला पदाधिकारी द्वारा लोक शिकायत निवारण अधिनियम अंतर्गत गृह विभाग से संबंधित सभी लोक प्राधिकारों को स्वयं सुनवाई में भाग लेने हेतु निर्देशित किया गया।
बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा मुख्य सचिव बिहार के द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से “जनता के दरबार में मुख्यमंत्री” कार्यक्रम अंतर्गत राजस्व, गृह, पुलिस विभाग अंतर्गत लंबित मामलों के निष्पादन हेतु निर्देशित किया गया है। जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से “जनता के दरबार में मुख्यमंत्री” कार्यक्रम से संबंधित राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, गृह विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा 12 मई तक जिला अंतर्गत राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के 135 मामले, गृह विभाग के 37 मामले एवं पुलिस विभाग के 11 मामले अनुपालन हेतु लंबित हैं। जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा सभी लंबित मामलों के तत्काल निष्पादन सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा पुलिस अधीक्षक,अपर समाहर्ता एवं जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को मुख्य सचिव महोदय से प्राप्त निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
बैठक में अपर समाहर्ता,जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी भभुआ व मोहनिया, भूमि सुधार उप समाहर्ता भभुआ व मोहनिया, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी मोहनिया, डीएसपी मुख्यालय, सभी अंचलाधिकारी थानाध्यक्ष सहित अन्य लोग उपस्थित थे।




