कैमूर/भभुआ(ब्रजेश दुबे):
कैमूर जिले में 100 प्रतिशत में 91 प्रतिशत खाधान्न का हो रहा वितरण, 10 प्रतिशत पूरा कराने के लिए डीएम ने दिया कई निर्देश
गुरुवार को जिला पदाधिकारी कैमूर सावन कुमार के द्वारा आपूर्ति टास्क फोर्स एवं धान अधिप्राप्ति को लेकर बैठक आयोजित की गई एवं निम्न दिशा निर्देश दिए गए। बैठक में डीएम एसएफसी द्वारा बताया गया कि इस माह 100 प्रतिशत खाद्यान्न का उठाव हो गया है। जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा उठाव किए गए खाद्यान्न का वितरण जन वितरण प्रणाली केंद्र के माध्यम से शीघ्र पूर्ण कराने हेतु सभी अनुमंडल पदाधिकारी व एमओ को निर्देशित किया गया। एमओ को विभागीय निर्देश के आलोक में प्रति माह जन वितरण प्रणाली केंद्र की जांच करने एवं जांच के समय लाभुक को निर्धारित मात्रा के अनुसार खाद्यान्न मिल रहा है कि नहीं के संबंध में वीडियोग्राफी कराते हुए जांच करने हेतु निर्देश दिया गया। समीक्षा के क्रम में जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि कुल उठाव का 91 प्रतिशत खाद्यान्न का ही वितरण हो पा रहा है । जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा कारण पूछे जाने पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि कई लाभुकों की मृत्यु हो जाने या बाहर चले जाने या आधार कार्ड नहीं होने इत्यादि समस्याओं के कारण 100 प्रतिशत वितरण संभव नहीं हो पा रहा है । जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी भभुआ व मोहनिया को निर्देशित किया गया कि राशन कार्डों का जांच कर विभागीय नियमानुसार राशन कार्ड में सुधार करने एवं मृत व्यक्ति का नाम डिलीट करावाना सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा धान अधिप्राप्ति की समीक्षा के क्रम में सभी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत पैक्सों का भ्रमण करने एवं ससमय शत-प्रतिशत सीएमआर जमा कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक में जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा जिला सहकारिता पदाधिकारी को शत-प्रतिशत सीएमआर जमा करवाने हेतु निरंतर अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, डीएम एसएफसी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, सभी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।




