बोले तेजस्वी-जान से करते हैं दोस्ती-यारी, इज्जत से कहा करो हम हैं बिहारी!

SHARE:

रिपोर्ट अनमोल कुमार

बिहारी नाम है उस इंसान का, जो पक्का है अपने ईमान का
बिहार दिवस समारोह की शुरुआत डिप्टी सीएम ने शायरी से की
कुछ बिहारी बिहार को बदनाम करने में लगे हैं

पटना : बिहार दिवस समारोह में उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने अपने संबोधन की शुरुआत शायरी से की। उन्होंने कहा कि जान से करते हैं दोस्ती-यारी, इज्जत से कहा करो हम हैं बिहारी। इसके बाद उन्होंने एक और शेर पढ़ा-बिहारी नाम है उस इंसान का, जो पक्का है अपने ईमान का। इन दोनों शेर पर दर्शक दीर्घा से खूब तालियां बजीं। तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन में बिहार के गौरवशाली इतिहास की चर्चा की तो वहीं कई महापुरुषों का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार की धरती महान विभूतियों की रही है। सम्राट अशोक, चंद्रगुप्त, चाणक्य, विद्यापति, जयप्रकाश नारायण, शहीद जगदेव, लालू प्रसाद जी जैसे महापुरुषों ने बिहार का गौरव बढ़ाया। तेजस्वी ने कहा कि आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में महागठबंधन सरकार सभी अगड़े, पिछड़े, अल्पसंख्यक, दलित वर्गों के साथ लेकर बिहार को आगे बढ़ाने का काम कर रही है।उन्होंने बिना किसी का नाम लिये कहा कि समाज में कुछ बिहारी हैं, जो बिहार को बदनाम करने में लगे हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इसी गांधी मैदान से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महागठबंधन सरकार द्वारा युवाओं को 10 लाख नौकरी और 10 लाख रोजगार देने की घोषणा की है, उस पर तेजी से काम हो रहा है। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव समेत मंचासीन तमाम अतिथियों का स्वागत स्मृति चिह्न भेंटकर किया।

Join us on:

Leave a Comment