रिपोर्ट अनमोल कुमार
भाजपा व गठबंधन की सफलता के लिए पीएम मोदी और पार्टी अध्यक्ष नड्डा को बधाई
नगालैंड में ललन सिंह ने झोंकी पूरी ताकत, बिहार के मंत्रियों ने किए कैंप, फिर भी जीते मात्र एक सीट
परस्पर विरोधी कांग्रेस और माकपा मिलकर भी भाजपा को नहीं रोक पाए
पटना : बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि पूर्वोत्तर के तीनों राज्यों में सहयोगी दलों के साथ भाजपा का दोबारा सत्ता में लौटना 2024 के लोकसभा चुनाव का पहला ट्रेलर है। इस शानदार सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को बधाई।
सुशील मोदी ने कहा कि जदयू पूरी ताकत लगाकर नगालैंड की एक सीट बड़ी मुश्किल से जीत पाया। जबकि वहां ललन सिंह ने पूरी ताकत झोंक रखी थी। यहां तक कि बिहार के आधा दर्जन मंत्रियों को कैंप लगा रखा था।
पूर्वोत्तर में मात्र 8 साल में भाजपा बड़ी राजनीतिक ताकत बनी
भाजपा नेता ने कहा कि भाजपा ने त्रिपुरा को 35 साल के कम्युनिस्ट शासन से मुक्ति दिलाई और विकास कार्यों के बल पर दोबारा जनादेश प्राप्त किया। मोदी ने कहा कि जिस नार्थ-ईस्ट के कई इलाके ईसाई बहुल हैं और केंद्र की पिछली सरकारों की उपेक्षा के कारण उग्रवादग्रस्त थे, वहां मात्र 8 साल में भाजपा बड़ी राजनीतिक ताकत बन गई।
उन्होंने कहा कि केरल में एक-दूसरे के विरुद्ध लड़ने वाली कांग्रेस और माकपा त्रिपुरा में मिल कर विधानसभा चुनाव लड़े। फिर भी विपक्ष भाजपा का रथ रोक नहीं पाया। मोदी ने कहा कि नगालैंड, त्रिपुरा और मेघालय में कांग्रेस जीरो से पांच सीट तक सिमट गई।




