रिपोर्ट अनमोल कुमार
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का ऐलान
भिंड : दिल्ली सरकार के ट्रेन से तीर्थयात्रा कराने के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य के वरिष्ठ नागरिकों को फ्री में मार्च से सरकारी योजना के तहत विमान से तीर्थ यात्रा के लिए भेजा जाएगा। भिंड में संत रविदास की जयंती और चंबल संभाग की विकास यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने ये बातें कही। सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि संत रविदास की जन्मस्थली को भी इस सरकारी तीर्थ यात्रा योजना में शामिल किया जाएगा। यह मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना के नाम से जाना जाता है। हम तीर्थ यात्रा के लिए वरिष्ठ नागरिकों को भी विमानों से ले जाएंगे। बता दें कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना' के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के पात्र वरिष्ठ नागरिक सरकारी खर्चे पर किसी भी सूचीबद्ध तीर्थ स्थान की यात्रा कर सकते हैं। इस सभा को संबोधित करते हुए चौहान ने यह भी कहा कि भिंड को एक नगर निगम के रूप में अपग्रेड किया जाएगा।




