पंकज कुमार जहानाबाद।
जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में सभी तकनीकी पदाधिकारियों के साथ तकनीकी समन्वय समिति की मासिक बैठक कर कई आवश्यक निदेश दिया गया।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल, जहानाबाद को निदेश दिया कि जिले के महादलित टोलों तथा जिन स्थानों को किसी कारणवश नल जल योजना के अंतर्गत आच्छादित नहीं किया जा सका है उसे चिन्हित कर सूची उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल, जहानाबाद को निदेश दिया कि जिन स्थानों पर बिजली के तार लटक रहे हैं उन्हें अविलंब हटाना सुनिश्चित करें तथा जिन निर्माणाधीन संरचनाओं पर बिजली के खंभे हैं उसके स्थानांतरण हेतु प्राक्कलन अधियाची विभाग को उपलब्ध कराएं ताकि उनके अंतर्गत कार्य कर रहे कार्यकारी एजेंसी द्वारा स्थानांतरण का कार्य कराया जा सके। बैठक में सहायक अभियंता, ब्रेडा को निदेश दिया गया कि सौर्य ऊर्जा संस्थापन में प्रगति लाना सुनिश्चित करें। जिला पदाधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना में प्रगति लाने का निर्देश दिया गया।

जिला पदाधिकारी ने सहायक अभियंता, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम, गया/जहानाबाद को निदेश दिया कि बराबर में रोपवे का कार्य में प्रगति लाना सुनिश्चित करें एवं कार्य का विस्तृत टाइमलाइन तैयार कर उपलब्ध कराएं। साथ हीं कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग, को निर्देश दिया गया कि नापी के कारण जितने भी योजनाएं लंबित हैं उनको प्राथमिकता पर रखते हुए सूची उपलब्ध कराएं एवं संबंधित अंचल अधिकारी को सूचित करें। कार्यपालक अभियंता एनएच 110 द्वारा बताया गया कि कार्य प्रगति पर है एवं राजाबाजार तथा बभना में नाला का कार्य चल रहा है। बीएमएसआईसीएल द्वारा बताया गया कि 11 हेल्थ वैलनेस सेंटर में से 6 का निर्माण कार्य फरवरी 2023 तक पूर्ण हो जाएगा तथा मखदुमपुर अंतर्गत सीएचसी का निर्माण भी फरवरी 2023 तक किया जाना है। इसके साथ ही मोदनगंज अंतर्गत सीएचसी का निर्माण मई 2023 तक किया जाएगा। जिला पदाधिकारी द्वारा स्वास्थ्य भवन/संरचनाओं का शेड्यूल बनाकर फेजवाइज टाइमलाइन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
कार्यपालक अभियंता, लघु सिंचाई प्रमंडल को निदेश दिया कि आहार पाइन पर हो रहे संभावित अतिक्रमण का अनुश्रवण करें एवं हर खेत पानी तथा जल जीवन हरियाली योजना का मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।




